
Mohammad Shami Brothers Case: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी मोहम्मद शमी के भाइयों पर दर्ज यौन शोषण और धमकी के मुकदमे में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। लखनऊ की आशियाना पुलिस ने इस मामले की जांच को गाजियाबाद जनपद के इंदिरापुरम थाने के लिए ट्रांसफर कर दिया है। अब इस पूरे प्रकरण की आगे की विवेचना गाजियाबाद पुलिस द्वारा की जाएगी।
लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र के इंस्पेक्टर गजेंद्र राय ने बताया कि पीड़िता को अपने बयान दर्ज कराने के लिए दो बार थाने बुलाया गया था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि इस मामले से जुड़ा मुख्य घटनास्थल इंदिरापुरम का है। घटना का क्षेत्र गाजियाबाद होने के कारण ही मुकदमे की विवेचना को वहां के संबंधित थाने को ट्रांसफर कर दिया गया है ताकि निष्पक्ष और सटीक जांच हो सके।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह वर्ष 2020 में एनसीआर क्षेत्र में रहती थी जिस दौरान उसकी पहचान मोहम्मद शमी के भाई और रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ से हुई थी। धीरे धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और कैफ ने शादी का झांसा देकर पिछले छह साल तक उसका यौन शोषण किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी उसे गाजियाबाद और दिल्ली के अलग अलग होटलों में ले गया जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके अलावा नौ सितंबर 2023 को आरोपी के बुलाने पर वह कोलकाता भी गई थी जहां एक होटल में उसका शोषण किया गया।
पीड़िता के मुताबिक जब उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो वह लगातार टालमटोल करने लगा। इसके बाद कैफ ने बातचीत करने के बहाने उसे अपने अमरोहा स्थित घर पर बुलाया। वहां पहुंचने पर कैफ के परिवार के लोगों और उसके भाई हसीब ने साफ शब्दों में शादी से इनकार कर दिया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे और उसके परिजनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। फिलहाल मामला ट्रांसफर होने के बाद अब गाजियाबाद पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।