
लखनऊ. गणतंत्र दिवस पर समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव भाजपा सरकार पर जमकर हमलावर हुए। यही नहीं उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को भी नहीं बख्शा और बड़ा बयान दिया। वैसे शनिवार को उनके सुर बदले हुए नजर आए। समाजवादी पार्टी के कार्यालय में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण के बाद वे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिले। उसके बाद उन्होंने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर निशाना साधा, साथ ही चुनावी घोषणा भी की।
पीएम मोदी झूठ बोलते हैं-
उन्होंने सपा के दफ्तर में कहा कि आज 26 जनवरी है आज हमको अधिकार मिला था, इस दिन को याद रखने की जरूरत है। आज सभी को आजादी का मतलब समझने की जरूरत है, युवाओं को समझने की जरूरत है कि इतिहास क्या है। वहीं पूर्व में पीएम मोदी के खिलाफ कुछ भी बोलने से परहेज करने वाले मुलायम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत झूठ बोलते हैं। पीएम ही जब झूठ बोलेंगे तो फिर पीड़ित की बात कौन सुनेगा। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष किया और कहा कि जब पीएम ही झूठ बोलेंगे तो जनता की कौन सुनेगा।
सपा की सरकार में सबकी सुनवाई होगी-
लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, ऐसे में मुलायम सिंह यादव ने चुनावी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हमने चार बार सरकार बनाई। हमारी हर बार की सरकार में महिलाओं को सम्मान मिला है और आगे भी मिलेगा। सपा संरक्षक ने कहा कि जब सपा की सरकार बनेगी तो सबकी सुनवाई होगी, सबके काम होंगे।