
Congress Rally: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन की रैली को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास झूठ के अलावा कुछ नहीं है और वह गलत जानकारी फैलाने में लगी हुई है। राहुल गांधी की 'मोहब्बत की दुकान' पर सवाल उठाते हुए सैनी ने पूछा कि क्या इस दुकान में 1984 के सिख नरसंहार को भी दिखाया जाएगा? क्या इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का कांग्रेस का विरोध शामिल होगा? उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद के बढ़ने और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में इसे खत्म किए जाने का भी जिक्र किया।
इसके साथ ही सैनी ने INDIA ब्लॉक के सहयोगियों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव और अपने दूसरे गठबंधन साथियों का जिक्र करेंगे? क्या वह यूपी में हुए उन दंगों पर भी बात करेंगे, जिनके चलते ऐसा डर का माहौल बना था कि लोग दिन में भी घरों से बाहर निकलने से डरते थे।
बता दे कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित की है। रैली के बाद विपक्षी सांसदों के दिल्ली की सड़कों पर मार्च निकालने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी सांसद रामलीला मैदान से लाल किले तक मार्च कर सकते हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस मार्च की अनुमति नहीं दी है।
कांग्रेस ने रैली की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रियंका गांधी रामलीला मैदान पहुंचीं और वहां कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच पर कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक भी की। वहीं, राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर आम लोगों और छात्रों से 1 नवंबर की रैली में शामिल होने की अपील की है।
दूसरी ओर, दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की रैली को लेकर भाजपा ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस के कार्यक्रम के जवाब में भाजपा उसी दिन दिल्ली में मार्च निकालने जा रही है। इस मार्च में 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित और उनके परिवार के सदस्य भी शामिल होंगे। पार्टी की ओर से हरिनगर में सुबह 11 बजे मार्च निकालने की तैयारी की जा रही है। इसमें भाजपा के सिख नेताओं के साथ पार्टी के कई बड़े नेता भी हिस्सा लेंगे। जानकारी के मुताबिक, इस मार्च में करीब 5 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा ने 1 नवंबर के मार्च को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी इस कार्यक्रम में 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाएगी। मार्च में दंगा पीड़ित परिवारों के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी इसमें शामिल होंगे।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि सरकार लोगों को रैली में पहुंचने से रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों और छात्रों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।