लखनऊ

NEET पेपर लीक आंदोलन पर मायावती की चेतावनी, BSP नेताओं से बोलीं- सचेत और सजग रहें

Mayawati Statement: नीट पेपर लीक मामले में मायावती ने सरकार और विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस सियासी टकराव से शिक्षा सुधार का मुख्य मुद्दा गायब हो गया है।
3 min read
Jul 25, 2026
Mayawati Statement, BSP News, BR Ambedkar, Kanshi Ram, UP Politics, Dalit Politics, UP News in Hindi, मायावती, बसपा, भीमराव अंबेडकर, कांशीराम, यूपी राजनीति, यूपी न्यूज, UP Politics, UP Election 2027, Mayawati
बसपा प्रमुख मायावती (फोटो: पत्रिका)

Mayawati Student Protest: देश में नीट-यूजी समेत विभिन्न परीक्षाओं के पेपर लीक को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सड़क से लेकर संसद तक सियासत तेज हो गई है और सरकार तथा विपक्ष के बीच बढ़ता तनाव कई राज्यों तक असर डाल सकता है। मायावती ने चिंता जताई कि राजनीतिक खींचतान के कारण शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे कहीं पीछे न छूट जाएं।

बढ़ती राजनीति पर जताई चिंता

मायावती ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पेपर लीक और इसके बाद कुछ छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस जनता पार्टी का नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरना जारी है। इस आंदोलन को लोगों का काफी समर्थन मिल रहा है। लेकिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तेज राजनीति हो रही है। ऐसे में चिंता यह है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार का असली मुद्दा कहीं राजनीतिक बहस में दबकर न रह जाए।

छह बिंदुओं में मायावती की दो-टूक

मायावती ने कहा कि सरकार व विपक्ष के बीच टकराव की स्थिति के कारण वर्तमान संसद सत्र सुचारू रूप से नहीं चल पा रहा है और महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही रुकी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष व सरकार के बीच राजनीति का बाजार भले ही गर्म हैं, लेकिन इससे शिक्षा व्यवस्था सुधार का असली मुद्दा लुप्त ना हो जाये। विरोधी पार्टियों में मुद्दे को भुनाने की होड़ लगी है।

  1. देश में नीट-यूजी सहित विभिन्न परीक्षाओं के पेपरलीक व उसके उपरान्त परीक्षार्थियों द्वारा होने वाली आत्महत्याओं से उपजे छात्र-छात्राओं/युवाओं के ’कॉकरोच जनता पार्टी’आन्दोलन के नई दिल्ली जंतर-मंतर में लगातार जारी शांतिपूर्ण धरना को हालांकि लोगों की व्यापक सहानुभूति हासिल है, किन्तु सरकारी जवाबदेही के रूप में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उनकी जिद्दी मांग को लेकर विपक्ष व सरकार दोनों के बीच जबरदस्त राजनीति का बाजार काफी गर्म है, जिससे शिक्षा व्यवस्था में ज़रूरी व्यापक सुधार का असली मुद्दा ही कहीं लुप्त ना हो जाये।
  2. वैसे इस गर्म मुद्दे को भुनाने के लिए विशेषकर विरोधी पार्टियों में सड़क से लेकर संसद तक में ज़बरदस्त होड़ लगी हुई है, उससे भी सरकार व विपक्ष के बीच तनाव व टकराव की भी परिस्थिति हिंसक होकर किसी न किसी रूप में राज्यों में भी फैल रही है, जिससे अपनी पार्टी के लोगों को सचेत व सजग रहने की सलाह।
  3. इस प्रकार इस मुद्दे का पूरी तरह से राजनीतिकरण हो जाने के साथ ही जंतर-मंतर में आंदोलनकारियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाईयों ने स्थिति को और अधिक गर्म व गंभीर बना दिया है।
  4. इस भारी तनाव व टकरावपूर्ण स्थिति के कारण संसद का वर्तमान मानसून सत्र अभी तक एक दिन भी सही व सुचारू रूप से नहीं चल पाया है, जिससे देश व जनहित के और भी अनेकों महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही एक प्रकार से रुक सी गयी है।
  5. इसके साथ ही सरकार सीजेपी के आंदोलन से निपटने के जो उपाय ढूंढने का प्रयास कर रही है वह भ्रष्टाचार एवं अयोग्यता आदि के कारण होने वाले पेपरलीक होने के बाद की सख्त कार्रवाई के द्योतक हैं, जबकि पेपरलीक के जघन्य अपराध ना हों इसके नियंत्रण के लिए उचित उपाय नहीं होता दिखने से भी लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
  6. इसलिए वर्तमान राजनीतिक हालात में उग्र व निराश होने के बजाय अपने लागों को अपने मिशन के प्रति पूरी लगन व तन, मन, धन से लगातार डटे रहना है, यही अपील।


पुलिस कार्रवाई से भड़का तनाव

मायावती ने सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जंतर-मंतर पर आंदोलनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई ने मामले को और ज्यादा गर्म कर दिया है। सरकार सिर्फ पेपर लीक होने के बाद की कार्रवाई पर जोर दे रही है, लेकिन लीक को जड़ से रोकने का कोई पक्का इंतजाम नहीं कर रही है। इसी नाकामी के चलते लोगों का गुस्सा और भड़क रहा है और यह तनाव अब अलग-अलग राज्यों तक फैल रहा है। इस माहौल को देखते हुए मायावती ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को इस राजनीतिक टकराव से दूर रहने और शांति बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है।

Updated on:
25 Jul 2026 03:33 pm
Published on:
25 Jul 2026 03:33 pm