Akanksha Dubey Suicide Case : भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी भोजपुरी अभिनेता और गायक समर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद आकांक्षा दुबे की मां ने नया खुलासा कर सनसनी मचा दी है।
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे प्रकरण में भोजपुरी गायक समर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आकांक्षा की मां ने समर सिंह को फांसी देने की मांग की है। एक बार फिर से उन्होंने समर और संजय सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। समर सिंह की गिरफ्तारी से भोजपुरी अभिनेत्री की मां मधु दुबे को न्याय की आस जगी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जताया आभार
भदोही के चौरी थाना क्षेत्र के बरदहां गांव स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ का आभार जताया और कहा कि जैसे समर सिंह गिरफ्तारी हुई है, वैसे ही उसे सजा भी मिले। इसके साथ ही उन्होंने आकांक्षा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लीपापोती कर तथ्य छुपाने का आरोप भी लगाया है। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे मौत मामले में एक बड़ा मोड़ आ गया।
गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया समर सिंह
प्रकरण में आरोपी भोजपुरी गायक समर सिंह को वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस ने शुक्रवार को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। समर और आकांक्षा कुछ माह पहले तक लिव इन रिलेशन में थे। आकांक्षा दुबे की मां ने अपनी बेटी की मौत का जिम्मेदार समर सिंह और उसके सहयोगी को ठहराया है।
फूट-फूट कर रोईं आकांक्षा की मां
आकांक्षा की मां मधु दुबे ने सीएम योगी से समर सिंह को फांसी की सजा देने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि मैं योगी सरकार से यही चाहती हूं कि मेरी बेटी को न्याय दिलाएं। समर सिंह और संजय सिंह को फांसी की सजा होनी चाहिए। मेरी बेटी आकांक्षा आत्महत्या नहीं कर सकती।
समर और संजय सिंह ने मिलकर उसे मारा है। रोते-बिलखते मधु दुबे ने कहा कि आकांक्षा अक्सर बताती थी कि समर उसे प्रताड़ित करता है। किसी के साथ काम नहीं करने देता था। कहता था कि खाली मेरे साथ काम करो। इतना कहकर वो फूट-फूट कर रोने लगीं।
आकांक्षा के रुपये हड़प लेता था समर सिंह
अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके सहयोगी संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में सारनाथ थाने में सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया था। यह मुकदमा मुंबई से आईं आकांक्षा की मां मधु दुबे की तहरीर के आधार पर लिखा गया था।
शुक्रवार को आकांक्षा की मां ने कहा कि संजय सिंह जो एक इंटरप्राइजेज कंपनी चलाता है। वह समर सिंह का दूर का रिश्तेदार और मुंहबोला भाई है। उन्होंने कहा कि समर सिंह और संजय सिंह मिलकर उनकी बेटी को तीन साल से प्रताड़ित करते थे। समर सिंह उनकी बेटी को किसी दूसरे के साथ काम नहीं करने देता था। पैसे हड़प लेता था।
बताया कि 21 मार्च को समर सिंह के सहयोगी संजय सिंह ने उनकी बेटी को गायब कराने की धमकी दी थी। आकांक्षा ने फोन कर बताया कि संजय सिंह ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। आरोप लगाया कि आकांक्षा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लीपापोती कर तथ्य छुपाने का प्रयास किया गया है। उसकी हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जी रही है।
कौन है संजय सिंह
दूसरी तरफ समर सिंह के चाचा रणभीर सिंह ने यह खुलासा किया है कि संजय सिंह नाम का शख्स उनके पूरे खानदान में कोई नहीं है। संजय सिंह के साथ समर सिंह काम करते थे, इसलिए कई बार वीडियो में उनको देखा गया है।