लखनऊ

‘अपने अहीर और जहीर को कंट्रोल कीजिए आपको भी ये निपटा देंगे’, अखिलेश यादव पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने साधा निशाना

OP Rajbhar Targeted Akhilesh Yadav: ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए 'अहीर-जहीर' को नियंत्रित करने की नसीहत दी और 2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया।
2 min read
Sep 09, 2026
om prakash rajbhar akhilesh yadav ahir zahir 2027 election
अखिलेश यादव पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने साधा निशाना। फोटो सोर्स-IANS

OP Rajbhar Targeted Akhilesh Yadav: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्रीओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुखअखिलेश यादव पर तीखा सियासी हमला बोला है। राजभर ने प्रदेश में हाल की आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए अखिलेश यादव से अपने कथित 'अहीर' और 'जहीर' को नियंत्रित करने की नसीहत दी। राजभर ने दावा किया कि अगर अखिलेश यादव ने ऐसा नहीं किया तो 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 27 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।

सोशल मीडिया पर राजभर ने साधा निशाना

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "अखिलेश भाई अपने 'अहीर' और 'जहीर' को कंट्रोल कीजिए महाराज। ये बहुत अति मचाये हुए हैं। समाज का तो अहित कर ही रहे हैं, आपको भी ये निपटा देंगे।" उन्होंने आगे हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

झांसी की घटना का किया जिक्र

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि झांसी में एक सरकारी शिक्षक, जिसे उन्होंने अखिलेश यादव का 'अहीर' बताया, ने बनिया समाज से जुड़े एक व्यापारी का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। राजभर ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। उन्होंने इस कार्रवाई का जिक्र करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी।

हापुड़ की घटना को लेकर भी हमला

राजभर ने हापुड़ की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां अखिलेश यादव का 'जहीर' गोकशी के मामले में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार हुआ। इन घटनाओं का हवाला देते हुए सुभासपा अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर राजनीतिक निशाना साधा।

'नीली ड्रेस' को लेकर भी अखिलेश पर तंज

मंत्री राजभर ने कहा कि जिन अपराधियों को कथित तौर पर राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना की यूनिफॉर्म की कॉपी करके नीली ड्रेस पहनाई गई है, उन्हें उसी तरह का अनुशासन भी सिखाया जाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर ऐसा अनुशासन नहीं सिखा सकते तो कम से कम एसी में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के दौरान उन्हें अपराध न करने की कसम तो खिलाई ही जा सकती है।

'2027 में 27 सीट भी नहीं जीत पाएंगे'

ओम प्रकाश राजभर ने अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर 'अहीर और जहीर' को नियंत्रित नहीं किया गया तो यही लोग 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 27 सीटें भी नहीं जीतने देंगे। अपने सोशल मीडिया पोस्ट का समापन राजभर ने "जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम, जय महाराज सुहेलदेव" के नारे के साथ किया।