लखनऊ

‘कब तक दबकर राजनीति करेंगे’ ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- बड़के भइया का झंडा उठाना बंद करिए

UP Politics News: कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अब बड़के भइया का झंडा उठाना बंद कर देना चाहिए। राजभर ने स्वामी प्रसाद मौर्य और सीट बंटवारे का जिक्र कर तंज कसा। उन्होंने अखिलेश से अपना रुख साफ करने को कहा।
2 min read
• •
Updated: 2 Nov 2026, 2:05 PM IST
OP Rajbhar
कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर (PC: IANS)

Akhilesh Yadav: कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि लगता है सुबह कही गई उनकी बात शाम तक समझ आ गई है। राजभर ने सवाल उठाया कि अखिलेश आखिर कब तक दबकर राजनीति करेंगे। उन्होंने कहा कि अब उन्हें बड़के भइया से डरने की जरूरत नहीं है और उनका झंडा उठाना बंद कर देना चाहिए। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि रैली करने के बाद बड़के भइया थाईलैंड, वियतनाम या मंगोलिया चले जाएंगे, जबकि अखिलेश को यहां स्वामी प्रसाद मौर्य से सीट बंटवारे पर डील करनी पड़ेगी। ओप राजभर ने स्वामी प्रसाद मौर्य का जिक्र करते हुए कहा कि वे बड़के भइया के साथ फोटो खिंचवाते हैं और अखिलेश को उनकी औकात बताते फिरते हैं।

राजभर ने कहा कि अखिलेश ने स्वामी प्रसाद को सम्मान दिया, लेकिन बदले में उन्हें अपमान मिला। उन्होंने अखिलेश के कार्यकर्ताओं की उम्मीदों का जिक्र करते हुए कहा कि वे किसी बड़े ऐलान का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अखिलेश फुस्स पटाखा निकले। आखिर में राजभर ने उनसे अपना स्टैंड क्लियर करने या दिल्ली के चक्कर लगाते रहने की बात कही।

कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा हजारों सिख की निर्मम हत्या कर दी गई थी- ओपी राजभर

रविवार को राजभर ने अपनी पोस्ट में सीधे तौर पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि कि अखिलेश यादव क्या आपको याद है? आज ही के दिन 1 नवंबर, 1984 को आपके बड़े भाई के पिता के इशारे पर दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में बड़े पैमाने पर सिख विरोधी हिंसा और दंगे भड़के थे। उस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा हजारों सिख भाइयों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। राजभर ने सिख समुदाय के प्रति अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

पिता मुलायम सिंह की परंपरा को तो याद रखिए

अखिलेश पर तंज कसते हुए राजभर ने आगे लिखा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह भी इस दिन को शोक के रूप में मनाते थे। अखिलेश भाई क्या आपने अपने पिता की परंपरा को याद रखने की कोशिश की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अपनी सारी संवेदनशीलता भूलकर केवल एक इशारे पर अपने बड़े भाई की सेवा करने के लिए आधी रात को ही दिल्ली भाग गए हैं और रैली की तैयारियों में जुट गए।

'अपनी पार्टी के लिए आधी मेहनत करते तो सपा कुछ और होती'

राजभर ने दिल्ली में हो रही इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि आप दिल्ली में उस रैली के लिए झंडे लहराने और चटाइयां बिछाने गए हैं जिसे अराजकता फैलाने के लिए बुलाया गया है। राजभर ने अखिलेश की पुरानी तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि इससे पहले भी आपकी एक तस्वीर सामने आई थी जब आप उनका झंडा उठाए हुए थे। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव इतनी मेहनत का आधा हिस्सा भी अपनी पार्टी के लिए करते, तो आज समाजवादी पार्टी की स्थिति कुछ और होती।

Updated on:
2 Nov 2026, 2:05 PM IST
Published on: