लखनऊ

‘चच्चा और रामपुर वाले चचाजान में क्या डील हुई?’ ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर कसा तंज, बोले- अपने घर और वर्करों पर ध्यान दीजिए

Akhilesh Yadav: ओपी राजभर ने शिवपाल यादव और आजम खान की मुलाकात को लेकर अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने पूछा कि चच्चा और रामपुर वाले चचाजान के बीच क्या डील हुई। साथ ही अखिलेश को अपने घर और वर्करों पर ध्यान देने की सलाह दी।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 1:17 PM IST
OP Rajbhar
कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना (PC IANS)

Uttar Pradesh Political News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव के रिश्तों को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। गाजियाबाद की डासना जेल में शिवपाल यादव की आजम खान से मुलाकात के बाद कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के अंदर दो खेमे बन चुके हैं। राजभर ने अखिलेश को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें अपने घर और पार्टी के कार्यकर्ताओं पर ध्यान देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने शिवपाल और आजम खान की मुलाकात को लेकर भी कई सवाल उठाए।

शिवपाल-आजम की मुलाकात पर राजभर ने उठाए सवाल

ओम प्रकाश राजभर ने शिवपाल यादव की डासना जेल में आजम खान से मुलाकात को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जब तक अखिलेश यादव सोकर उठेंगे, तब तक उनके चाचा शिवपाल यादव अपना काम करके लौट आएंगे। राजभर ने चाचा-भतीजे के बीच मनमुटाव की खबरों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के अंदर दो खेमे बन चुके हैं। इनमें कुछ लोग शिवपाल यादव के साथ हैं तो कुछ अखिलेश यादव के साथ खड़े हैं। राजभर ने अखिलेश को अपने परिवार और कार्यकर्ताओं पर ध्यान देने की सलाह भी दी।

'आपको तो सोने से फुर्सत नहीं है, इधर चच्चा डासना जेल में लंबी डीलिंग करके लौट आए'

ओम प्रकाश राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए एक पोस्ट लिखी। इसमें उन्होंने कहा कि मित्र अखिलेश यादव, कहावत सुने हैं कि नहीं? जो सोवत है सो खोवत है, जो जागत है सो पावत है, आपके चच्चा गांव-गिरांव के आदमी हैं, जबतक आप सोते रहते हैं तबतक वो सारा खेल-प्रपंच रच के लौट आते हैं।

आपको तो सोने से फुरसत नहीं है, इधर चच्चा बेचारे बुढउती में सबेरे-सबेरे उठकर डासना जेल में लंबी डीलिंग करके आपके उठने से पहले ही वापस भी लौट आए. वैसे क्या डील हुई है चच्चू और रामपुर वाले चचाजान में? कुछ पता भी है? बनारस जैसा खेला तो नहीं होने जा रहा आपके साथ? चच्चा के चहेतों ने तो अभी से लंबी-लंबी डीलिंग करना शुरू कर दिया है।

ओपी राजभर ने कहा कि आप बस ये बताइए कि आपके चच्चा आपको बता के गये थे खान साहब से मिलने या बिना बताए? खैर, चच्चा भी समझ गये हैं कि 'बच्चा' कौनो लायक नहीं है, राजनीति बचाने के लिए कड़ा फैसला हमको ही लेना होगा। आप हमारे मित्र हैं, हमेशा की तरह आज भी फ्री में अच्छी सलाह दे रहा हूं कि अपने घर और वर्कर दोनों पर विशेष ध्यान दीजिए, नहीं तो आपके पिता का बनाया टाइटेनिक जहाज बहुत जल्दी डूबने वाला है।

आजम खान से मिलने डासना जेल पहुंचे थे शिवपाल यादव

दरअसल, हाल ही में सपा महासचिव शिवपाल यादव गाजियाबाद की डासना जेल में बंद आजम खान से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद उन्होंने जेल प्रशासन पर आजम खान को परेशान करने का आरोप लगाया था। शिवपाल ने इस मामले को लेकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी। वहीं, शिवपाल यादव की आजम खान से मुलाकात के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आजम खान की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। अब इस मुलाकात को लेकर ओम प्रकाश राजभर के बयान ने सपा के अंदरूनी समीकरणों और चाचा-भतीजे के रिश्तों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज कर दी है।

Updated on:
14 Nov 2026, 1:17 PM IST
Published on: