लखनऊ

‘आजम खान अखिलेश की वजह से जेल में हैं’, अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का पलटवार, उधर आजम खान को SC से मिली राहत

OP Rajbhar Statement: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा है कि, आजम खान उन्हीं की वजह से जेल में हैं। वहीं, आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। जानिए राजभर ने क्या खुछ कहा।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 12:25 PM IST
OP Rajbhar
कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना (PC IANS)

OP Rajbhar Statement on Azam Khan: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने कहा कि, आजम खान आज अखिलेश यादव की वजह से ही जेल में बंद हैं। उन्होंने आजम खान की मौजूदा स्थिति के लिए सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, दूसरी तरफ फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में आजम खान और उनके परिवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत भी मिली है।

'सपा सरकार के समय रची गई थी साजिश'

आजम खान को लेकर अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि, जिन अलग-अलग गलत कामों के लिए आजम खान अभी जेल में हैं वे समाजवादी पार्टी के समय में उनके खिलाफ रची गई साजिश का ही एक हिस्सा थे। मौजूदा सरकार के समय ऐसी कोई साजिश नहीं हुई है। राजभर ने ED की जांच का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या ये सारे फायदे भाजपा के समय में हुए थे? उन्होंने कहा कि असल में आजम खान तब से जेल में हैं जब से भाजपा सत्ता में है लेकिन इसके पीछे की सारी साजिश सपा के समय की ही है।

सुप्रीम कोर्ट से आजम खान को मिली बड़ी राहत

सियासी बयानबाजी के बीच आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा है जिसमें, आजम खान की सजा और दोषसिद्धि पर रोक लगाई गई थी। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।

पत्नी तंजीन और बेटे अब्दुल्ला को भी मिली राहत

इस मामले में आजम खान के साथ साथ उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई है। कोर्ट ने दोनों की दोषसिद्धि पर भी अब रोक लगा दी है। बता दें कि फर्जी जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े इस मामले में निचली अदालत ने आजम खान उनकी पत्नी और बेटे को दोषी ठहराते हुए 7-7 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद मई 2024 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की सजा पर तो रोक लगा दी थी लेकिन उनकी पत्नी और बेटे को राहत देने से इनकार कर दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से आजम खान के परिवार के तीनों सदस्यों को इस मामले में बड़ी राहत मिली है।