पासपोर्ट अधिनियम के मुताबिक, अब तन्वी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो सकती है....
लखनऊ. पासपोर्ट विवाद से सुर्खियों में आईं तन्वी सेठ और उनके पति मोहम्मद अनस सिद्दीकी का पासपोर्ट रद्द कर दिया गया है। एक हिंदी अखबार के मुताबिक, पुलिस जांच रिपोर्ट में गलत जानकारी पाये जाने पर लखनऊ क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने तन्वी सेठ उर्फ सादिया अनस का पासपोर्ट रद्द करते हुए उन पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। सूत्रों की मानें तो अब पासपोर्ट अधिनियम के मुताबिक तन्वी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो सकती है।
पिछले दिनों मोहम्मद अनस और उनकी पत्नी तन्वी सेठ ने पासपोर्ट सेवा ऑफिसर विकास मिश्रा पर धार्मिक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि विकास मिश्रा ने उन्हें हिंदू धर्म अपनाने को कहा। साथ ही उन्होंने तन्वी से सभी दस्तावेजों में अपना नाम बदलने को कहा। दोनों के मना करने पर उन पर भड़क उठे। मामला मीडिया में आते ही हंगामा मच गया। आनन-फानन में आरोपी अफसर विकास मिश्रा का गोरखपुर तबादला कर दिया गया। साथ ही तन्वी सेठ और उनके पति को घंटे भर में ही पासपोर्ट इश्यू कर दिया गया।
एसएसपी ने सौंपी रिपोर्ट
सोशल मीडिया पर कई लोग पासपोर्ट अधिकारी विकास मिश्रा के समर्थन में आ गये। मामले की जांच तेज हुई। पुलिस और स्थानीय जांच अधिकारी लखनऊ स्थित तन्वी के ससुराल पहुंचे, जहां तन्वी के रहने का कोई साक्ष्य नहीं पाया गया। इसके बाद ये कार्रवाई की गई। मामल में लखनऊ के एसएसपी दीपक कुमार ने कहा कि वह एक साल से दिए गए एड्रेस पर नहीं रह रहीं थीं। इस मामले में पासपोर्ट ऑफिस को रिपोर्ट भेज दी गई है। एसएसपी का कहना है कि तन्वी नोएडा में रहती हैं और वहीं उनकी जॉब भी है।
गाजियाबाद से करना चाहिए था आवेदन
पासपोर्ट विभाग के नियमों के मुताबिक, नोएडा में रहने वाली तन्वी सेठ को गाजियाबाद पासपोर्ट ऑफिस में आवेदन करना चाहिए था। अनस से शादी करने से पहले तन्वी सेठ ने अपना धर्म बदल लिया था। निकाहनामा में उनका नाम सादिया अनस है, लेकिन पासपोर्ट फॉर्म में उन्होंने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक, उन्होंने कभी भी अपना नाम नहीं बदला।