लखनऊ

बीमारियों की पहचान करेंगे अब पार्क, स्मार्ट सिटी योजना के तहत मिलेगी यह सुविधा

स्मार्ट सिटी योजना के तहत तमाम शहरों को खूबसूरत बनाने का काम किया जा रहा है। इसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी स्मार्ट सिटी योजना के तहत कई सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। आने वाले दिनों में राजधानी लखनऊ के सभी वार्डों में स्थित एक पार्क में हेल्थ कियॉस्क की स्थापना की जाएगी जहां पर लोग अपनी चिकित्सकीय जांच करा सकेंगे।
2 min read
• •
Updated: 11 Jul 2022, 9:45 PM IST
pic_1.jpg

लखनऊ. स्मार्ट सिटी योजना के तहत राजधानी लखनऊ के सभी 110 वार्ड में स्थित एक पार्क में हेल्थ कियॉस्क सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इस सेंटर पर पार्क में टहलने आने वाले लोगों को चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर निगम के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जहां राजधानी लखनऊ में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम सहित तमाम सुविधाओं को लागू किया गया है तो वही आने वाले दिनों में राजधानी लखनऊ में हेल्थ कियोस्क का निर्माण किया जाएगा, जिससे पार्क में टहलने आने वाले लोग अपनी शुगर वीपी सहित तमाम जांच आसानी से करवा सकें। इस कियोस्क सेंटर को इस तरह से डेवलप किया जाएगा कि पार्क के आसपास रहने वाले लोगों को आसानी से व कम रेट पर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी।


मिलेगा डॉक्टर का परामर्श

अधिकारी ने बताया कि कियॉस्क सेंटर पर पैथोलॉजी की तर्ज पर जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं, दूसरी ओर आवश्यकता पड़ने पर राजधानी लखनऊ के मेडिकल कॉलेज व सरकारी चिकित्सा संस्थान के डॉक्टर से परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति डॉक्टर से परामर्श लेना चाहता है तो एक निर्धारित समय के लिए ऑनलाइन डॉक्टर भी सेंटर पर उपलब्ध रहेंगे जिनसे लोग अपना परामर्श ले सकेंगे।

लंबे समय से चल रही है तैयारी

राजधानी लखनऊ में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहरी क्षेत्र के सभी 110 वार्ड में कीयॉस्क सेंटर खोलने की तैयारी चल रही है। इसको लेकर दो बार टेंडर भी निकाले गए हैं। स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम के इस प्रोजेक्ट को जल्द ही जमीन पर उतारा जाएगा। जिसके लिए नगर निगम में प्रयास हो रहे हैं। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत तैयार की गई इस योजना को अगर जमीन पर उतारा जाता है तो आने वाले दिनों में लखनऊ के शहरी क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा होगी और लोग आसानी से अपने पार्क में ही चिकित्सीय सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। अच्छी बात यह होगी कि लोगों को घर के पास में ही कम कीमत पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होंगी।

Published on: