
CM Yogi Adityanath: वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने पायल मेहता के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। पायल मेहता पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थीं और राजनीति, सरकार व नीतियों से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन की खबर के बाद पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों और कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पायल मेहता के निधन पर शोक जताते हुए लिखा कि वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहत का निधन अत्यंत दुःखद एवं पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। सीएम योगी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि विनम्र श्रद्धांजलि, प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें ॐ शांति।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान दें।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पायल मेहता के काम और उनके स्वभाव को याद करते हुए लिखा कि वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। अपने आत्मीय स्वभाव के साथ पत्रकारिता के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और कार्यशैली सदैव स्मरणीय रहेगी।
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान ने भी शोक जताया। उन्होंने लिखा कि वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को संकट की इस घड़ी में संबल प्रदान करें, ॐ शांति।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा कि वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका असमय जाना पत्रकारिता जगत के लिए एक गहरी क्षति है। अपने सहज, हंसमुख स्वभाव और पत्रकारिता के प्रति समर्पण के लिए पायल जी सदैव स्मरणीय रहेंगी, ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।
यूपी बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लिखा कि पायल मेहता के निधन की दुखद खबर से गहरा दुख हुआ, वह एक समर्पित पत्रकार थीं, जो अपने काम में बेहतरीन पेशेवर समझ, लगातार कुछ नया जानने की उत्सुकता और लोगों के प्रति अपनापन लेकर आती थीं। उनके परिवार, चाहने वालों और सहयोगियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
पायल मेहता वरिष्ठ पत्रकार थीं। वह संसद, राष्ट्रीय राजनीति, सरकार और नीतिगत मामलों की रिपोर्टिंग से जुड़ी थीं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 15 साल से अधिक का अनुभव था। उनकी रिपोर्टिंग में संसद की कार्यवाही और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। 46 वर्षीय पायल मेहता का मुंबई में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं और पत्रकारों ने शोक व्यक्त किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया और श्रद्धांजलि दी।