
PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तर प्रदेश दौरे से पहले विपक्षी दलों ने BJP पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने रोजगार, किसानों की आय और चुनावी वादों को लेकर सरकार से सवाल पूछे। विपक्ष का कहना है कि भाजपा ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया। अब चुनाव नजदीक आने पर नेताओं के दौरे और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन का हवाला देते हुए कार्यक्रम के समय पर भी आपत्ति जताई गई है।
समाजवादी पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि, अब चुनाव का समय आ गया है और सभी राजनीतिक दलों के दौरे होंगे। भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए श्याम लाल पाल ने कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान 2 करोड़ नौकरियां देने के वादे पर लोगों के साथ छल किया है। जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है और सामाजिक न्याय तथा अपने अधिकारों के लिए आगे आ रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी और उसके PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) गठबंधन के साथ है।
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भी केंद्र सरकार के पुराने वादों को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चुनावी समय है, इसलिए प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश आ रहे हैं। अवधेश प्रसाद ने कहा कि वे प्रधानमंत्री का स्वागत करते हैं, लेकिन बेहतर होता यदि हर साल 2 करोड़ रोजगार देने और किसानों की आय दोगुनी करने के वादों को पूरा किया गया होता।
दूसरी ओर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने CM योगी आदित्यनाथ की मां के अंतिम संस्कार वाले दिन राज्य में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर दुख व्यक्त किया है। प्रमोद तिवारी ने कहा कि, उन्हें इस बात का दुख है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की मां का निधन हुआ है और अखबारों में छपे कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को ही उनका अंतिम संस्कार होना है। उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री की मां की चिता जल रही होगी और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री उत्साह व समारोह के साथ कार्यक्रम के लिए यहां पहुंचेंगे। प्रमोद तिवारी के अनुसार इससे बचा जाना चाहिए था और यदि कार्यक्रम आयोजित करना जरूरी ही था, तो इसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जा सकता था।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। वह शाम करीब 5:30 बजे लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वह कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। कौशल दीक्षांत समारोह की शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2021 से 22 में हुई थी। यह कार्यक्रम कौशल विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करने और प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को रोजगार की दुनिया में आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।