लखनऊ

190 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित को कांग्रेस का सलाम, प्रमोद तिवारी ने सरकार से की सर्वोच्च सम्मान की मांग

Flydubai Pilot Smit Macchhar: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 190 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने सलाम किया है। उन्होंने सरकार से कैप्टन को सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने की मांग की है। सिलसिलेवार जानिए आखिर विमान के अंदर क्या हुआ था...
2 min read
• •
Oct 01, 2026
Captain Smit Machchhar
Captain Smit Machchhar (Photo source: X/@IsraelMFA)

Dubai Tel Aviv Flight News: दुबई से इजराइल के तेल-अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में अपनी जान पर खेलकर 190 से ज्यादा यात्रियों की जिंदगी बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की हर तरफ तारीफ हो रही है। उनके इस अदम्य साहस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने भी प्रतिक्रिया दी है। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।

कैप्टन स्मित 'सर्वोच्च नागरिक सम्मान' के हैं पात्र- प्रमोद तिवारी

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा, "मैं कैप्टन स्मित को सलाम करता हूं। इतनी विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने सैकड़ों लोगों की जान बचाई। उनके शरीर पर चाकू के घाव लगे और उनका खून बहता रहा। इसके बावजूद उन्होंने अपने कर्तव्य से मुंह नहीं मोड़ा। इस तरह उन्होंने 190 से अधिक यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की… मेरा मानना ​​है कि वे सर्वोच्च नागरिक सम्मान के पात्र हैं। सरकार को इस पर विचार करना चाहिए।"

आखिर क्या हुआ था विमान के अंदर

दरअसल यह पूरा मामला फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 का है। प्लेन दुबई से तेल-अवीव की तरफ जा रही थी इसमें 170 से ज्यादा लोग सवार थे। बुधवार को उड़ान के दौरान अचानक कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार और उनके ओमानी को-पायलट के बीच हिंसक घटना हुई। इस दौरान को पायलट ने कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया जिसमें कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे की तरफ आने लगा। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान कुछ ही समय में हजारों फीट नीचे आ गया। शरीर पर चाकू के घाव लगने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हार नहीं मानी और स्थिति को संभालने की पूरी कोशिश जारी रखी।

किसी तरह कैप्टन स्मित कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद विमान में सवार यात्री और क्रू-मेंबर तुरंत कॉकपिट तक पहुंच गए और उन्होंने हमलावर को-पायलट को काबू में करने में मदद की। विमान में मौजूद दूसरे पायलटों ने भी स्थिति संभालने में मदद की। इसके बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया।

कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार

कैप्टन स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं और मूल रूप से गुजरात के रहने वाले हैं। उनके पास कमर्शियल एविएशन का 10 साल से ज्यादा का शानदार अनुभव है। जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले उन्होंने करीब 11 साल तक भारतीय एयरलाइन स्पाइसजेट में काम किया था। वह फ्लाईदुबई में डायरेक्ट एंट्री कैप्टन के तौर पर शामिल हुए थे। कैप्टन मच्छार मुख्य रूप से बोइंग 737 विमान उड़ाते हैं। स्पाइसजेट में रहते हुए उन्होंने नए पायलटों की ट्रेनिंग और गाइडेंस का काम भी किया था।