लखनऊ

प्रयागराज नगर निगम कार्यकारिणी में भाजपा का परचम लहराया, सपा को झटका

प्रयागराज नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव में भाजपा के चार प्रत्याशियों ने प्रथम वरीयता के मतों से ही जीत दर्ज की।  

less than 1 minute read
Jan 16, 2021
प्रयागराज नगर निगम कार्यकारिणी में भाजपा का परचम लहराया, सपा को झटका

प्रयागराज. प्रयागराज नगर निगम कार्यकारिणी में भाजपा का परचम लहराया। प्रयागराज नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव में भाजपा के चार प्रत्याशियों ने प्रथम वरीयता के मतों से ही जीत दर्ज की। सपा के दो अधिकृत प्रत्याशियों में एक विजयी हुआ, वहीं कांग्रेस हाल बहुत बुरा रहा, किसी तरह अपना एकमात्र प्रत्याशी जिता पाई। चुनाव में पदेन सदस्यों समेत कुल 89 मतदाता थे। इनमें 83 लोगों ने मतदान किया। तीन मत अवैध घोषित किए गए।

शुक्रवार दोपहर 11 बजे से शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया में 11.30 बजे तक छह प्रत्याशियों ने नामांकन किया। किसी ने नाम वापस नहीं लिया तो मतपत्रों की तैयारी के बाद 1.30 बजे से पांच बजे तक मतदान कराया गया। चुनाव में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सिद्घार्थनाथ सिंह, सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, विधान परिषद सदस्य मान सिंह, सुरेश त्रिपाठी, वासुदेव यादव ने भी मतदान किया।

मतगणना के बाद शाम करीब छह बजे महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने परिणाम घोषित किया। इसमें भाजपा के रोहित मालवीय, दिलीप जायसवाल दीपू, अखिलेश सिंह और सपा की रिंकी यादव प्रथम वरीयता के मतों से जीतीं। दूसरे चरण की मतगणना में सपा के रमीज अहसन आठ मत पाकर बाहर हो गए। फिर भाजपा के अमरजीत यादव, कांग्रेस के सुशील कुमार को विजयी घोषित किया गया।

कार्यकारिणी अध्यक्ष के तौर पर चुनाव के दौरान महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी की देखरेख में हुए चुनाव में चार पार्षद मतदान करने नहीं आए। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी भी चुनाव में शामिल नहीं हो सके।

Published on:
16 Jan 2021 10:37 am
Also Read
View All