20 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर योगी भड़के, कहा- कांग्रेस के ‘युवराज’ का व्यवहार पूरी नारी जाति का अपमान है

CM Yogi Adityanath Statement: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर उन पर निशाना साधा। जानिए उन्होंने क्या-कुछ कहा...
3 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Mohsina Bano

Sep 20, 2026

CM Yogi Adityanath, Rahul Gandhi, UP Police recruitment, Uttar Pradesh government jobs,

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (PC: ANI)

CM Yogi Adityanath Statement:उत्तर प्रदेशके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित 'उत्कर्ष नारी सम्मान युवा अभियान' कार्यक्रम में शिरकत की। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान सीएम योगी ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में पहुंचे CM योगी ने राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर उन पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस के ‘युवराज’ ने जिस तरह का व्यवहार किया, वह पूरी नारी जाति का अपमान है।

'कांग्रेस के युवराज का आचरण नारी शक्ति का अपमान'

इंदौर में हुए कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस के युवराज द्वारा जिस तरह का आचरण दिखाया गया, वह पूरी नारी शक्ति का अपमान था। हमारी संस्कृति हमें सिखाती है कि यदि कोई बुजुर्ग, महिला, दिव्यांग या हमसे बड़ा व्यक्ति है, तो हम पहले उन्हें आगे बढ़ने का मौका दें या उन्हें स्थान दें। यह हमारे जीवन के संस्कार हैं। लेकिन जिन लोगों को यह मूल्य नहीं मिले हैं और जिनका एकमात्र लक्ष्य भारत और भारतीयता का अपमान करना है, देश को उनसे किसी भी अच्छी उम्मीद को पूरी तरह छोड़ देना चाहिए।

दरअसल कार्यक्रम के दौरान स्टैंड अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए उनकी मिमिक्री की। आरोप है कि इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा एक बुजुर्ग महिला को सम्मान देते हुए कुर्सी मुहैया कराने वाले वाकये को लेकर मंच से टिप्पणी की गई। इस दौरान 'मां को कुर्सी दो' जैसी बात कहे जाने पर राहुल गांधी मुस्कुराते हुए नजर आए। इस घटना के सामने आने के बाद भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माता और देश की समस्त माताओं का अपमान करार दिया है। इस मामले को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की तीखी आलोचना की है।

प्रेरणा विमर्श और ऋषि परंपरा का महत्व

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज से जुड़े मुद्दों पर खुली चर्चा की जरूरत पर भी बात की। उन्होंने कहा कि समाज जिन मुद्दों को लेकर चिंतित है, उन पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए। सीएम योगी ने समाज को प्रभावित करने वाले और गंभीर चर्चा की मांग करने वाले विषयों पर बात करते हुए कहा कि प्रेरणा विमर्श के संस्थापकों और पदाधिकारियों द्वारा किया जा रहा यह प्रयास भारत की सनातन चेतना को आगे बढ़ाने और हमारी महान ऋषि परंपरा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

पुलिस भर्ती के 912 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

लखनऊ के लोक भवन में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सीधी भर्ती के तहत चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न भर्ती आयोगों और शिक्षा विभागों में व्यापक सुधार करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।

युवाओं के रोजगार को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 9,30,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आने वाले 6 महीनों के भीतर राज्य के 1 लाख से अधिक और युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जाएंगी ताकि युवाओं का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित और उज्जवल हो सके।

कलराज मिश्रा के घर जाकर देंगे श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा दौरे के दौरान पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा के आवास पर जाएंगे। मुख्यमंत्री वहां दिवंगत सत्यवती मिश्रा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।

कलराज मिश्रा के आवास पर जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा के एक्सपो सेंटर एंड मार्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां वे आगामी 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की व्यवस्थाओं, सुरक्षा और अन्य तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा करेंगे।