
लखनऊ. 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में रायबरेली सीट से प्रियंका गांधी और अमेठी सीट से राहुल गांधी भाजपा को हराने के लिए चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन रायबरेली की सीट पर सोनिया गांधी की भी चुनाव लड़ने की बात की जा रही है। हालांकि अभी तय नहीं हो पा रहा है कि रायबरेली की सीट से सोनिया गांधी या प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। एक तरफ देखा जाए तो रायबरेली की सीट से प्रियंका गांधी की ही लोकचुनाव लड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
लोकसभा चुनाव में सामने आ सकती हैं प्रियंका गांधी
बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी की सेहत अच्छी नहीं रहती है इस लिए उनका कहना है कि वह रायबरेली से नहीं लड़ेंगी। ऐसे में उनकी जगह पर उनकी बेटी प्रियंका गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव में सामने आ सकती हैं लेकिन कांग्रेस के शीर्ष सूत्र की मानें तो इस मुद्दे पर न तो पार्टी के भीतर और न ही परिवार के भीतर कोई जरूरी चर्चा हुई है। हालांकि पीएम मोदी के खिलाफ जिस तरह से सामूहिक तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ने की बात की जा रही है, उसे देखते हुए सोनिया के न लड़ने की बात व्यवहारिक नहीं लगती है। वह आज भी यूपीए अध्यक्ष हैं और कांग्रेस ही नहीं विपक्ष का सबसे स्वीकार्य चेहरा भी है।
सीटें तय करना रह गया बाकी
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने कहा कि मैं अमेठी से ही आगामी लोकसभा चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए यूपी में अगर गठबंधन पर रणनीतिक सहमति पूरी तरह से बन गई है, लेकिन अभी सीटें तय करना बाकी रह गया है। अगर यूपी में विपक्षी दलों ने एकजुट होकर 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा, तो भाजपा 5 सीट भी नहीं जीत पाएगी।
सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा कि कांग्रेस दो चरणों में लोकसभा चुनाव लड़ने की रणनीति बनाने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस पहले चरण में भाजपा हराओ का लक्ष्य होगा और दूसरे चरण में चुनाव नतीजे आने के बाद तय होगा कि महागठबंधन का पीएम उम्मीदवार कौन होगा?' इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अगली बार पीएम तभी बन पाएंगे जब 230 से 240 सीटों पर जीत हासिल कर सकेंगे।
कांग्रेस तीनों राज्यों में बनाएगी सरकार
राहुल गांधी ने कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की बात करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में कांग्रेस बिना मुख्यमंत्री चेहरा के मैदान में उतरेगी। इन राज्यों में सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा और कांग्रेस इन तीनों राज्यों में पूरी जीत के साथ सरकार बनाएगी।
फिलहाल अभी इन तीनों राज्यों में भाजपा सरकार है। पीएम मोदी की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से करने पर उन्होंने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी की तुलना इंदिरा गांधी से नहीं की जा सकती है क्योंकि इंदिरा गांधा हमेशा से ही गरीबों के साथ खड़े होकर राजनीतिक सफर तय किया है। जबकि पीएम मोदी उत्तर प्रदेश में कुछ उद्योगपतियों के साथ खड़े हुए नजर आए हैं।