
लखनऊ. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) लगातार उत्तर प्रदेश सरकार (UP Government) पर हमलावर हैं। उन्होंने किसान के मुद्दे पर अपनी आवाज उठाकर प्रदेश की योगी सरकार पर कटाक्ष किया है। प्रियंका ने ट्वीट किया, 'उप्र के धान किसान बेहद परेशान हैं। धान की खरीद बहुत कम हो रही है। जो थोड़ी सी खरीद हो रही है उसमें रु 1200 से भी कम रेट मिल रहा है। यही धान कांग्रेस सरकार में रु 3,500 तक बिका था। नमी के नाम पर किसानों का शोषण हो रहा है। शायद पहली बार ऐसा है कि धान गेंहू से सस्ता बिक रहा है।'
आंदोलन की चेतावनी
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, 'ऐसे में तो किसान की लागत भी नहीं निकलेगी। किसान अगली फसल कैसे लगाएगा? बिजली बिल में लूट चल ही रही है। मजबूरन किसान कर्ज के जाल में फँसता जाएगा। उप्र सरकार तुरंत इसमें हस्तक्षेप कर किसान को सही दाम दिलाए वरना कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी।'
बता दें कि धान की खरीद को लेकर प्रदेश के विभिन्न स्थानों से शिकायत आ रही है। किसानों का कहना है कि सरकारी केंद्र पर धान बिक्री में परेशानी हो रही है। जो बिक्री हो भी रही है, तो वह कम दाम पर हो रही है। इससे रोजी रोटी के लिए गुजारा करना मुश्किल हो रहा है। किसानों को उनके धान का उचित मूल्य नहीं मिल रहा।