
आराधना मिश्रा ( Photo IANS)
Aradhana Mishra Latest Statement:जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट किए जाने को लेकरउत्तर प्रदेशकांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि किसी एयरपोर्ट का नाम बदलने से उसकी वास्तविक स्थिति नहीं बदलती। कांग्रेस नेता ने एयरपोर्ट की निर्माण लागत, बारिश के दौरान जलभराव और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठाए।
आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का निर्माण 30,000 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित लागत से किया जा रहा था। उनके मुताबिक, केवल नाम बदलने से एयरपोर्ट की सूरत नहीं बदलेगी। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में बारिश के दौरान पूरा एयरपोर्ट पानी में डूब गया था।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा की नाम बदलने की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की कवायद से पार्टी को कोई राजनीतिक फायदा नहीं मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को नाम बदलने के बजाय उन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए, जिनका सामना आम लोगों को करना पड़ रहा है।
आराधना मिश्रा मोना ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि 13 करोड़ लोगों के नाम काटे गए थे और भाजपा को इस बारे में जवाब देना होगा।
कांग्रेस नेता ने जेवर एयरपोर्ट के निर्माण से उत्तर प्रदेश के युवाओं को मिले रोजगार पर भी सवाल किया। उन्होंने पूछा कि एयरपोर्ट बनने से राज्य के युवाओं को कितने रोजगार के अवसर मिले हैं। आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि भाजपा को एयरपोर्ट के नामकरण के साथ-साथ रोजगार और अन्य संबंधित मुद्दों पर भी जवाब देना चाहिए।
बता दें कि नोएडा के जेवर में बने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा जाएगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सीएम योगी ने खुद मीडिया के सामने इसकी घोषणा की।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके योगदान के सम्मान में यह प्रस्ताव पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन गौरवशाली इतिहास के रूप में दर्ज हुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के कई कार्य हुए हैं। प्रदेश में 42 नए हाईवे बनाए गए हैं। कैबिनेट बैठक में कुल 39 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, किसी कैबिनेट बैठक में अब तक इतनी बड़ी संख्या में प्रस्तावों को मंजूरी नहीं दी गई थी।
Updated on:
09 Oct 2026 04:03 pm
Published on:
09 Oct 2026 03:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
