लखनऊ

राहुल गांधी के समर्थन में उतरे अखिलेश यादव: बोले- 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए, फिर भी कोई गिरफ्तार नहीं

Uttar Pradesh News: राहुल गांधी के अमित शाह पर दिए बयान का अखिलेश यादव ने समर्थन किया। उन्होंने सरकार से कार्रवाई के आदेश पर जवाब मांगा और यूपी में 20 से अधिक पेपर लीक मामलों पर सवाल उठाए।
2 min read
Jul 29, 2026
UP Election
UP Election 2027: राहुल गांधी,अखिलेश यादव(फोटो-ANI)

Akhilesh Yadav: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए बयान पर सियासत तेज हो गई है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव राहुल गांधी के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन के दौरान सुरक्षा बलों को कार्रवाई का आदेश किसने दिया था। इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में 20 से अधिक पेपर लीक होने का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई, उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में शामिल लोगों को बचा रही है।

प्रदेश में 20 से ज्यादा पेपर लीक, फिर भी एक भी गिरफ्तारी नहीं

मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा, हम यह जानना चाहते थे कि वास्तव में सुरक्षा बलों को आदेश किसने दिया। शिक्षा मंत्री ऐसा आदेश जारी नहीं कर सकते, तो फिर आदेश किसने दिया? यह स्पष्ट करना सरकार की जिम्मेदारी है। हालांकि, उत्तर प्रदेश इस मामले में आगे है। वहां 20 से अधिक प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, फिर भी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इसमें शामिल लोग सरकार का हिस्सा हैं और सरकार द्वारा संरक्षित हैं। सरकार को इस पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। जिस तरह के सवाल उठे हैं, उनका जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है।

जो लोग भगवान का नाम बदल दें, उनसे क्या उम्मीद

सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान पर अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले 10 सालों से हम नाम बदलने का सिलसिला देख रहे हैं। जो लोग भगवान का नाम तक बदल देते हैं, उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है। नाम बदलने का यह खेल अब खत्म होने वाला है। जनता उनकी सरकार बदलने के लिए तैयार है।

जानिए राहुल गांधी ने क्या कहा था

लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि छात्रों के आंदोलन के दौरान बच्चों पर पैलेट (गन से छर्रे) चलाए गए और लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने दावा किया कि यह सब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर हुआ। राहुल गांधी के इस बयान के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी के आरोपों का विरोध किया और उनसे अपने बयान पर माफी मांगने की मांग की।

Updated on:
29 Jul 2026 09:08 pm
Published on:
29 Jul 2026 09:08 pm