कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के बेटे प्रतीक बब्बर की गर्लफ्रेंड सान्या सागर से आज लखनऊ में शादी है, जिसमें राजनीति की बड़ी हस्तियां शिरकत कर सकती हैं।
लखनऊ. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के बेटे प्रतीक बब्बर की गर्लफ्रेंड सान्या सागर से आज 23 जनवरी को लखनऊ में शादी है, जिसमें राजनीति की बड़ी हस्तियां शिरकत कर सकती हैं। वहीं मंगलवार को लखनऊ में हुई हल्दी व मेहेंदी सेरेमनी की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसमें प्रतीक और सान्या दोनों काफी मस्ती करते दिख रहे हैं। हल्दी और मेहंदी सेरेमनी सान्या के फार्महाउस में ही रखी गई थी, जिसमें केवल करीबी लोग ही शामिल थे। वहीं शादी आज मोहनलालगंज स्थित एक रिसोर्ट में है।
अखिलेश-मायावती हो सकते हैं शामिल-
यूं तो प्रतीक बब्बर बॉलीवुड अभिनेता हैं, लेकिन लखनऊ में होने वाली उनकी शादी में बॉलीवुड की किसी हस्ती के शामिल होने की उम्मीदें कम है, हालांकि सिनेमा जगत के लिए मुंबई में आलीशान रिसेप्शन रखा गया है। बहरहाल आज के शादी समारोह में राजनीति जगत से शामिल होने वाले दिग्गजों की फेहरिस्त लंबी है। इसमें अपने दो दीवसीय अमेठी दौरे पर आए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम शामिल है। वहीं बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती के इस कार्यक्रम में शिरकत करने की चर्चाएं राजनीतिक गलियारे में तेजी से चल रही हैं। साथ ही समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ ही कई राज्यों के मुख्यमंत्री इस वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
मुलायम समेत यह लोग भी होंगे शामिल-
आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू चार्टर्ड प्लेन से लखनऊ आ रहे हैं जिनकी मुलाकात अखिलेश यादव से भी हो सकती है। उनके साथ सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश सीएम कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा आदि भी शादी समारोह की शोभा बढ़ा सकते हैं।