लखनऊ

‘मुसलमानों के पूर्वज राम और कृष्ण हैं’, बाबा रामदेव के बयान का संतों ने किया समर्थन, बोले- जन्म से हर इंसान हिंदू होता है

Baba Ramdev Statement: बाबा रामदेव के मुस्लिमों के पूर्वज राम और कृष्ण वाले बयान पर संतों ने समर्थन जताया। परमहंस आचार्य से लेकर विष्णु दास और गिरीश दास महाराज तक ने घर वापसी और सनातन परंपरा पर अपनी बात रखी।
2 min read
• •
Oct 01, 2026
Baba Ramdev, Paramhans Acharya, Vishnu Das Maharaj, UP News
छावनी के पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस आचार्य (PC: IANS)

Saints Reaction on Baba Ramdev Statement: योग गुरु बाबा रामदेव के सनातन धर्म और मुसलमानों को लेकर दिए गए बयान पर संतों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। रामदेव ने कहा था कि भारत में रहने वाले सभी मुसलमानों के पूर्वज भगवान राम और कृष्ण हैं। अब बाबा रामदेव के इस बयान का उत्तर प्रदेश के संत समाज ने खुलकर समर्थन किया है। अयोध्या और अन्य जगहों के प्रमुख संतों ने रामदेव की बात को शास्त्रों के अनुकूल और सत्य बताया है। संतों ने यहां तक कह दिया है कि अगर मुस्लिम समुदाय 'घर वापसी' करता है तो उनके सारे पाप धुल जाएंगे।

घर वापसी पर क्षमा होंगे सभी पाप- जगद्गुरु परमहंस आचार्य

बाबा रामदेव के बयान पर तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि, "अंतर्राष्ट्रीय योग गुरु और पतंजलि पीठ के संस्थापक, परम आदरणीय बाबा श्री रामदेव ने अत्यंत सत्य कहा है। जो भी इसे समझेगा, उसका जीवन सुधर जाएगा। भारत में सभी मुसलमानों के पूर्वज राम और कृष्ण हैं- सभी सनातनी हैं, और सभी के पूर्वज हिंदू हैं। जिस दिन वे 'घर वापसी' करेंगे, उनके सभी पाप क्षमा हो जाएंगे, वे पवित्र और शुद्ध हो जाएंगे, और उनके सभी पिछले पाप उसी दिन समाप्त हो जाएंगे।"

मुगल काल में हुआ था धर्मांतरण- गिरीश दास महाराज

महंत महामंडलेश्वर श्री गिरीश दास महाराज ने भी रामदेव के बयान का स्वागत किया। गिरीश दास महाराज ने कहा, "हम बाबा रामदेव जी के इस बयान का स्वागत करते हैं। मेरा मानना ​​है कि मुगल शासनकाल में हिंदुओं को जबरन दबाव डालकर और तरह-तरह के प्रलोभनों से बहला-फुसलाकर इस्लाम में परिवर्तित किया गया था। आज भी, सनातन और हिंदू धर्म उनका खुले दिल से स्वागत करते हैं, यदि वे 'घर वापसी' करना चाहते हैं।"

जन्म से हर इंसान हिंदू होता है- महामंडलेश्वर विष्णु दास

महामंडलेश्वर विष्णु दास जी महाराज ने भी योग गुरु के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि, "बाबा रामदेव ने अपनी मर्जी से कुछ नहीं कहा है बल्कि शास्त्रों के अनुसार ही अपनी बात रखी है। उन्होंने दावा किया कि जन्म से हर इंसान हिंदू ही होता है। खतना कराने और कलमा पढ़ने के बाद ही कोई मुसलमान बनता है। उन्होंने कहा कि ईश्वर एक है बस लोगों ने धर्म बदलकर खुद को मुसलमान बना लिया और अल्लाह या खुदा कहना शुरू कर दिया। मेरा मानना ​​है कि सभी मुसलमान, चाहे भारत में हों या विदेश में, मूल रूप से सनातनी हैं।"

जगतगुरु राम दिनेश आचार्य भी समर्थन में

रामदेव के बयान पर जगतगुरु राम दिनेश आचार्य ने कहा कि, "सनातन सबसे प्राचीन परंपरा है। बाकी धर्म इसके बाद अस्तित्व में आए हैं इसलिए उनके विचार में जो लोग बाद में धर्म परिवर्तन कर दूसरे धर्म में गए, उनके पूर्वज भी मूल रूप से सनातन परंपरा से जुड़े रहे होंगे। बाबा रामदेव जी का कथन मुझे सही और तर्कसंगत लगता है।"

क्या कहा था बाबा रामदेव ने

बाबा रामदेव ने मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा था कि, "मैं अपने सभी मुस्लिम भाइयों से आग्रह करता हूं कि वे यह समझें कि हमारे प्राचीन संत-पुरुष और स्त्री दोनों ही उनके पूर्वज हैं; राम और कृष्ण भी उनके पूर्वज हैं। अगर मुसलमान अपनी पैतृक जड़ों से जुड़ेंगे तो कभी कमजोर महसूस नहीं करेंगे। आखिरकार, भारत में हर मुसलमान धर्मांतरित है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हिंदू और मुसलमान एकजुट होकर रहेंगे तो देश और समाज दोनों मजबूत होंगे।"