UP Politics: उत्तर प्रदेश चुनाव 2027 की तैयारी में समाजवादी पार्टी जुट गई है। पार्टी ने एक नया फॉर्मूला तैयार किया है। जानिए, बसपा की खामोशी का फायदा उठाने के लिए पार्टी का क्या प्लान है?
UP Politics:उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी ने अभी से अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी का पूरा फोकस अपने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को मजबूत करने पर है। सपा नेतृत्व अब इस नारे को सिर्फ राजनीतिक भाषणों तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि इसे जमीनी स्तर तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। यही वजह है कि हाल ही में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर संगठनात्मक प्रभारियों की नियुक्तियों में सामाजिक संतुलन और जातीय समीकरणों को खास महत्व दिया गया है।
समाजवादी पार्टीअब अपनी पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर गैर-यादव OBC और दलित समाज के प्रभावशाली चेहरों को बड़ी जिम्मेदारियां सौंप रही है। पार्टी का मानना है कि यदि हर वर्ग को संगठन और नेतृत्व में उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए, तो उसका सीधा असर चुनावी नतीजों पर पड़ेगा।
इसी फॉर्मूले के तहत कई जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे नेताओं को आगे लाया जा रहा है, जिनकी अपने समाज और क्षेत्र में मजबूत पकड़ मानी जाती है। सपा नेतृत्व यह संदेश देने की कोशिश में है कि पार्टी अब केवल एक सीमित सामाजिक दायरे की राजनीति नहीं कर रही, बल्कि हर वर्ग को साथ लेकर चलने की दिशा में काम कर रही है।
ओबीसी और दलित समीकरण के साथ-साथ सपा मुस्लिम वोट बैंक को लेकर भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी ने कई मुस्लिम नेताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारियां देकर उन्हें सीधे मैदान में उतारने का फैसला किया है। सपा का मानना है कि जमीनी स्तर पर सक्रिय और प्रभावशाली मुस्लिम चेहरों को आगे रखने से अल्पसंख्यक मतदाताओं के बीच पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी। यही वजह है कि संगठनात्मक ढांचे में मुस्लिम नेताओं की भूमिका को भी लगातार बढ़ाया जा रहा है।
प्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी के लगातार कमजोर होते जनाधार को भी समाजवादी पार्टी एक बड़े राजनीतिक अवसर के रूप में देख रही है। सपा की रणनीति का सबसे अहम हिस्सा दलित मतदाताओं को अपने पक्ष में लाना है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यदि दलित समाज को यह भरोसा दिलाया जाए कि समाजवादी पार्टी उनकी राजनीतिक आवाज को मजबूती से उठा सकती है, तो प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव हो सकता है।
सपा अब बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर और डॉ. राममनोहर लोहिया की विचारधाराओं को एक साथ जोड़कर नया राजनीतिक संदेश देने की कोशिश में है। पार्टी के भीतर यह चर्चा तेज है कि सामाजिक न्याय और समानता के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। समाजवादी पार्टी के बुलेटिन से मिले इनपुट के मुताबिक पार्टी का दलित विंग भी अब ज्यादा सक्रिय किया जा रहा है। इसके तहत गांवों में चौपाल, समानता संवाद और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
सपा संगठन अब ब्लॉक और जिला स्तर की कमेटियों में भी स्थानीय जातीय समीकरणों के आधार पर प्रतिनिधित्व तय कर रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत सोशल इंजीनियरिंग ही 2027 में सत्ताधारी दल को चुनौती देने का सबसे प्रभावी तरीका हो सकता है। इसी वजह से संगठन विस्तार से लेकर जिम्मेदारियों के बंटवारे तक हर स्तर पर सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी जा रही है। पार्टी अब चुनावी रणनीति को केवल नारों तक सीमित रखने के बजाय उसे संगठनात्मक ढांचे में भी उतारने की तैयारी में जुटी हुई है।