लखनऊ

2600 साल पुरानी आस्था से जुड़ेगा सारनाथ, तीन दिन श्रद्धालुओं के सामने रहेंगे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष

Buddha Purnima : सारनाथ के मूलगंध कुटी विहार की 95 वीं वर्षगांठ पर 22 से 24 नवंबर तक भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन कर सकेंगे श्रद्धालु।
3 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 4:13 PM IST
मूलगंध कुटी विहार में स्थापित भगवान बुद्ध की स्वर्णिम प्रतिमा। (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )     
मूलगंध कुटी विहार में स्थापित भगवान बुद्ध की स्वर्णिम प्रतिमा। (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )     

Buddha Bone Relics: सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी विहार की 95वीं वर्षगांठ इस बार खास होने जा रही है। इस अवसर पर 22 से 24 नवंबर तक भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेष श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखे जाएंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में देश के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में बौद्ध भिक्षुओं, अनुयायियों और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। वियतनाम के बौद्ध संघ और हनोई के श्रद्धालुओं के सहयोग से इसकी तैयारियां की गई हैं। आयोजन के दौरान सारनाथ में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध श्रद्धालुओं का समागम भी देखने को मिलेगा।

स्वर्णिम बुद्ध प्रतिमा के नीचे सुरक्षित हैं अवशेष

मूलगंध कुटी विहार के गर्भगृह में स्वर्णिम बुद्ध प्रतिमा के नीचे भगवान बुद्ध के दो दुर्लभ अस्थि अवशेष सुरक्षित रखे गए हैं। विशेष अवसर पर इन्हें विधिवत बाहर निकालकर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। ये अवशेष चांदी की विशेष मंजूषाओं में सुरक्षित हैं। साल में आमतौर पर दो बार बुद्ध पूर्णिमा और कार्तिक पूर्णिमा पर इनके सार्वजनिक दर्शन कराए जाते हैं। इस बार बिहार की 95 वीं वर्षगांठ के अवसर पर भी श्रद्धालुओं को यह मौका मिलेगा।

सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी विहार, जहां 22 से 24 नवंबर तक होंगे भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन।  (फोटो सोर्स : Ritesh Singh)     

आयोजन में श्रीलंका, थाईलैंड, म्यांमार, कंबोडिया, नेपाल, जापान और वियतनाम सहित कई देशों के बौद्ध अनुयायियों के शामिल होने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं के लिए यह केवल दर्शन का अवसर नहीं, बल्कि भगवान बुद्ध की शिक्षाओं और उनसे जुड़ी ऐतिहासिक विरासत को करीब से समझने का मौका भी होगा।

दो ऐतिहासिक स्थलों की खुदाई में मिले थे अवशेष

मूलगंध कुटी विहार में रखे दोनों अवशेषों का इतिहास भी काफी पुराना है। पहला अवशेष वर्ष 1929 में वर्तमान आंध्र प्रदेश के नागार्जुनकोंडा में एक विशाल स्तूप की खुदाई के दौरान मिला था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के तत्कालीन अधिकारी एएच लॉन्गहर्स्ट को यह अवशेष प्राप्त हुआ था। स्तूप से मिले शिलालेख में उसे गौतम बुद्ध का महाचैत्य बताया गया था।

दूसरा अवशेष वर्ष 1913-14 में प्राचीन तक्षशिला, जो अब पाकिस्तान में है, के धर्मराजिका स्तूप के पास एक छोटे प्रार्थना कक्ष से मिला था। पुरातत्वविद् सर जॉन मार्शल को खुदाई के दौरान इसके साथ चांदी का एक अभिलेखित पत्र भी मिला था, जिसमें भगवान बुद्ध के अवशेषों का उल्लेख था। दोनों अवशेष बाद में तत्कालीन वायसराय एवं गवर्नर जनरल अर्ल ऑफ विलिंगडन ने वर्ष 1931 और 1932 में महाबोधि सोसायटी को सौंपे थे। इसके बाद इन्हें सारनाथ के मूलगंध कुटी विहार में प्रतिष्ठित किया गया। तब से ये अवशेष यहां श्रद्धा और सुरक्षा के साथ संरक्षित हैं।

जहां बुद्ध ने दिया था पहला उपदेश

सारनाथ बौद्ध धर्म के सबसे महत्वपूर्ण स्थलों में से एक है। मान्यता के अनुसार, ज्ञान प्राप्ति के बाद भगवान बुद्ध ने यहीं अपना पहला उपदेश दिया था। इस घटना को धर्मचक्र प्रवर्तन कहा जाता है। इसी वजह से सारनाथ दुनिया भर के बौद्ध अनुयायियों के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। करीब 2600 वर्ष पुरानी बुद्ध परंपरा से जुड़ी यह धरती आज भी उनके संदेशों को दुनिया तक पहुंचा रही है।

यूनेस्को की सूची में शामिल होने से बढ़ा आकर्षण

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सारनाथ को 25 जुलाई 2026 को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया जाना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इस पहचान से सारनाथ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। मंत्री के मुताबिक, यह भारत का 45वां और उत्तर प्रदेश का चौथा विश्व धरोहर स्थल है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों और बौद्ध श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश के बौद्ध स्थलों पर करीब 28 लाख पर्यटक आए थे।

सारनाथ में भगवान बुद्ध के प्रथम उपदेश स्थल पर पहुंचते देश-विदेश के बौद्ध श्रद्धालु। (फोटो सोर्स : Ritesh Singh)     

वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 82 लाख से अधिक हो गई। वहीं, वर्ष 2026 की पहली छमाही में ही सारनाथ में करीब तीन लाख पर्यटकों ने भ्रमण किया। मंत्री ने दुनिया भर के बौद्ध अनुयायियों से अपील की कि वे अपनी ‘बोधि यात्रा’ की शुरुआत उत्तर प्रदेश से करें। मूलगंध कुटी विहार की 95वीं वर्षगांठ पर होने वाला यह आयोजन सारनाथ की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को एक बार फिर वैश्विक मंच पर सामने लाएगा। तीन दिनों तक होने वाले अवशेष दर्शन से श्रद्धालुओं को भगवान बुद्ध की विरासत से जुड़ने का विशेष अवसर मिलेगा।

Also Read
View All
अब जमीन का हर टुकड़ा होगा डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज, यूपी में ड्रोन से बदल रही नक्शों की तस्वीर

‘कमल मुरझा गया है’, अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा पर साधा निशाना, कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर कही बड़ी बात

अभ्यर्थी की शादी में भी गूंजा आरक्षण का मुद्दा: दूल्हा-दुल्हन ने मंच से उठाई 68,500 शिक्षक भर्ती में न्याय की मांग

PM मोदी के यूपी दौरे पर विपक्ष हमलावर, SP ने रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए, कांग्रेस ने योगी की मां के अंतिम संस्कार के दिन कार्यक्रम पर जताई नाराजगी

‘NDA में विद्रोह जैसी स्थिति’, राजभर की 36 सीटों वाली लिस्ट पर BJP की चुप्पी, कांग्रेस नेता बोले- डूबते जहाज पर कोई नहीं बैठना चाहता