लखनऊ

कौन हैं सावित्री बाई फुले जो योगी और मोदी से भी नहीं डरतीं

कौन हैं सावित्री बाई फुले जो योगी और मोदी से भी नहीं डरतीं
4 min read
• •
Updated: 5 Jun 2018, 3:32 PM IST
bjp
कौन हैं सावित्री बाई फुले जो योगी और मोदी से भी नहीं डरतीं

पत्रिका इनडेफ्थ स्टोरी

लखनऊ. भाजपा सांसद सावित्रीबाई फुले अपने बयानों की वजह से इन दिनों सुर्खियों में हैं। पार्टी के खिलाफ उनके बगावती तेवर बरकरार हैं। दलितों,पिछड़ों संविधान और जिन्ना जैसे तमाम मुद्दों पर उनके पार्टी रुख से अलग बयान आए। ऐसे में उनके विरोधी तो यहां तक कह रहे हैं कि वह कमल का दामन छोडक़र हाथी पर चढऩे की तैयारी में हैं। लेकिन, सावित्रीबाई फुले इस तरह के आरोपों को सिरे से खारिज करती हैं। वे कहती हैं कि लोकतंत्र खतरे में है। दलितों पर अत्याचार बढ़ा है। बाबा साहेब का संविधान सुरक्षित नहीं है। आखिर भारतीय जनता पार्टी में रहते हुए बाग़ी सुर अपनाने वाली सांसद सावित्री बाई फुले कौन हैं। और वे अपनी पार्टी से क्या चाहती हैं। पढि़ए-

मायावती से प्रेरित होकर आयीं राजनीति में

सावित्री बाई फुले के परिवार के लोग बहुत पहले से ही बामसेफ से जुड़े हुए थे। इनका परिवार बहुजन समाज पार्टी और कांशीराम व मायावती से प्रभावित था। जब सावित्रीबाई स्कूल में थीं उस वक्त तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती की एक रैली बहराइच में हुई। इस रैली में सावित्रीबाई फुले के पारिवारिक गुरू अछेवरनाथ कनौजिया के साथ सावित्रीबाई और इनके पिताजी भी गए थे। रैली में गुरु अछेवरनाथ के कहने पर सावित्रीबाई ने भी भाषण दिया। भाषण बहुत ओजस्वी था। इसके बाद जब सब लोग घर लौटे तो इनके पिताजी ने बेटी के भाषण की तारीफ करतेे हुए कहा, मायावती मुख्यमंत्री बन सकती हैं तो मेरी बेटी भी बन सकती है। इन बातों का सावित्रीबाई के जीवन पर बड़ा प्रभाव पड़ा। पिताजी की इच्छा पर सावित्रीबाई ने मायावती को अपना आदर्श मानते हुए राजनीति में ही भविष्य बनाने का संकल्प ले लिया। अछेवरनाथ ने जी सावित्रीबाई को पढ़ाया-लिखाया और राजनीति के गुर सिखाए।

स्कॉलरशिप मांगी तो क्लास से निकाला

सावित्रीबाई को छह साल की उम्र में विवाह के लिए मजबूर किया गया। हालांकि उनकी विदाई नहीं हुई। बड़े होने पर उन्होंने ससुराल पक्ष वालों को बुलाकर सन्यास लेने की अपनी इच्छा बताई। फिर अपनी छोटी बहन की शादी अपने पति से कराकर वे बहराइच के जनसेवा आश्रम से जुड़ गयीं। सावित्रीबाई जब आठवी कक्षा में पढ़ती थीं तब इन्हें 480 रुपये का वजीफा मिला।

चूंकि पहले यह छात्रवृत्ति प्रधानाध्यापक के खाते में आती थी, इसलिए छात्रवृत्ति प्रधानाध्यापक ने हड़प ली। जब इन्होंने छात्रवृत्ति की मांग की तो इन्हें स्कूल से निकाल दिया गया। तीन साल तक टीसी और अंकसूची नहीं दी गयी। इसके बाद यह तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती के जनता दरबार में पेश हुई। उनके हस्तक्षेप से दाखिला हुआ। इस बात से राजनीति में आने की प्रेरणा मिली है। वह दलितों और पिछड़ों के हक के लिए लडऩे लगींं। ०1 जून 1981 को नानपारा बहराइच में जन्मी सावित्रीबाई फुले ने डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है।

सावित्रीबाई ने आखिर क्यों छोड़ दिया मायावती का साथ

सावित्रीबाई अपने कार्यों की वजह से बसपा में बहुत लोकप्रिय हो गयीं। और जल्द ही मायावती की करीबी भी बन गयीं। लेकिन, कई बार ऐसे राजनीतिक हालात होते हैं कि पार्टी बदलनी पड़ती है। वर्ष 2000 में मायावती ने इन्हें बसपा से निकाल दिया। राजनीति तो करनी ही थी इसलिए सावित्रीबाई भाजपा में शामिल हो गयीं। बीजेपी की टिकट पर तीन बार विधानसभा चुनाव लड़ा। 2012 में सावित्रीबाई बीजेपी के टिकट पर बलहा (सुरक्षित) सीट से चुनाव जीतीं। और 2014 में सांसद बनकर देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंच गईं। अभी यह १६वीं लोकसभा में बहराइच का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। खास बात यह है कि तीन बार जिला पंचायत सदस्य, एक बार विधायक और एक बार की सांसद सावित्रीबाई के पास कहीं कोई जमीन नहीं है और न ही कोई बैंक बैलेंस है। वह सही मायने में साध्वी हैं।

बाबा साहब को मानती हैं प्रेरणास्रोत

सावित्रीबाई फुले अवसरवाद की राजनीति नहीं करती। वे साफगोई के साथ स्वीकारती हैं कि उन्हें बाबा साहब की वजह से टिकट मिली। वह स्वीकारती हैं कि अगर संविधान में बहराइच सुरक्षित सीट न होती तो सांसद न बन पाती। वह यह भी स्वीकारती हैं कि बीजेपी ने उन्हें बहराइच सुरक्षित सीट होने की वजह से ही टिकट दिया। वह कहती हैं कि आज बहुजन समाज के लोगों को चाहे वे प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, विधायक, प्रोफेसर, डॉक्टर, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री हों या फिर राष्ट्रपति बनने का मौका मिला है तो यह बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान और आरक्षण की बदौलत मिला है। ऐसे में संविधान और आरक्षण को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। अगर हमारा संविधान और आरक्षण खत्म हो जाएगा तो हमारे बहुजन समाज के अधिकार खत्म हो जाएंगे। वे कहती हैं कि यदि मैं सांसद हूं तो यह जिम्मेदारी है कि लोकसभा में संविधान लागू करने की मांग उठाऊं। आंबेडकर के अलावा कांशीराम, शाहू जी महाराज, ज्योतिबा फुले सावित्रीबाई के प्रेरणास्रोत हैं।

कहां है मतभेद, क्यों नहीं पार्टी से संतुष्ट

एक अप्रैल २०१८ को लखनऊ में सावित्रीबाई फुले ने भारतीय संविधान बचाओ रैली की थी। इसमें उन्होंने कहा था बाबा साहेब का संविधान देश में सुरक्षित नहीं है। कुछ लोग हैं जो संविधान और आरक्षण को खत्म करना चाहते हैं।
- वे कहती हैं कि अगर भारत का संविधान या आरक्षण ख़त्म हो जाएगा तो बहुजनों का अधिकार ख़त्म हो जाएगा।
- उनका मानना है कि आज बहुजन समाज के लोग आईएएस, पुलिस, प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति बनने का सपना देख रहे हैं तो वह बाबा साहब के बनाए संविधान की वजह से।
-उनकी राय में दुनिया में भारत का संविधान बहुत अच्छा है। इसे पूरी तरह लागू किया जाना चाहिए। संविधान पूरी तरह से लागू नहीं हुआ। इसी वजह से पिछड़ी जाति के लोग आज भी झुग्गी झोपड़ी में रहते हैं।

जातीय जनगणना की हिमायती

सावित्रीबाई जातीय जनगणना की हिमायती हैं। वह कहती हैं सरकार जातीय जनगणना कराए ताकि यह पता लगे कि जातीय आधार पर आर्थिक स्थिति क्या है। आज बहुजन समाज के लोग अपनी दो जून की रोटी चलाने के लिए दर-दर की ठोकर खा रहे हैं। रेलवे लाइन के किनारे, सडक़ के किनारे, तलाब के किनारे, नदी के किनारे वे झुग्गी-झोपड़ी डाल कर और दूसरे की गुलामी करके अपना जीवन बिता रहे हैं. उनके पास न तो नौकरी है, न ही जमीन है, न मकान है। वह कहती हैं कि देश पर वही राज करेगा जो बहुजन की बात करेगा। बहरहाल, बहराइच से सांसद सावित्री बाई फुले भगवा ब्रिगेड में दलित महिला चेहरा हैं। दलित पार्टी से नाराज न हो जाएं इसलिए भाजपा सावित्रीबाई पर कार्रवाई से बचती रही है।

Published on:
Also Read
View All
‘उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब’, CM योगी के दावे पर कांग्रेस का पलटवार; अजय राय बोले- जांच होनी चाहिए

‘गांधी परिवार डरने वाला नहीं है’, सोनिया गांधी की किताब पर BJP के हमलों का अराधना मिश्रा ने दिया जवाब; जानिए क्या कहा

‘6 तारीख को क्यों नहीं गए?’: अखिलेश के राम मंदिर जाने की टाइमिंग पर बीजेपी अध्यक्ष ने उठाए सवाल, जानें क्या कहा

यूपी चुनाव 2027: आगरा में 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीती थीं सभी 9 सीटें, अब विपक्ष के सामने वापसी की चुनौती; जानें 9 सीटों का पूरा गणित

‘ऊपर से दिखावटी लड़ाई, अंदर मिलकर काट रहे मलाई’, लिंक एक्सप्रेसवे के टेंडर पर अखिलेश यादव ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप