
Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के बहुचर्चित शिव शर्मा हत्याकांड में पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। सेंट्रल पुलिस उपायुक्त (DCP) विक्रांत वीर के मुताबिक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है जिसे बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है ताकि आरोपियों की सूचना देने वाले को बड़ी रकम दी जा सके और जल्द गिरफ्तारी हो सके। ये तीनों पिछले 9 दिनों से फरार हैं। पुलिस की 10 टीमें लगातार तलाश में लगी हैं लेकिन पिछले 9 दिनों से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
श्रद्धा दुबे के लखनऊ स्थित घर पर सहारनपुर की अदालत का नोटिस चस्पा किया गया है। यह नोटिस एक कार को छुड़ाने के लिए दाखिल अर्जी से जुड़ा है। डॉ. प्रभात वर्मा ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय की अदालत में कार रिलीज कराने के लिए आवेदन दिया है। नोटिस के मुताबिक, मामला सहारनपुर साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 83/2024 से संबंधित है। अदालत ने अर्जी पर सुनवाई के लिए 30 अक्टूबर, 2026 की तारीख तय की है। संबंधित पक्ष को अदालत में पेश होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया
पुलिस की बढ़ती दबिश के बीच यह जानकारी सामने आई है कि हत्या की मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे कोर्ट में सरेंडर कर सकती है। उसने जिला अदालत में आत्मसमर्पण के लिए अर्जी दाखिल कर दी है। पुलिस को भी एक आरोपी के आत्मसमर्पण के आवेदन की जानकारी मिली है और सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।
सूत्रों का दावा है कि 9 अक्टूबर की घटना के बाद श्रद्धा पुलिस को चकमा देकर लखनऊ से सीतापुर और बहराइच के रास्ते नेपाल भाग गई है। कहा जा रहा है कि वह नेपाल में अपनी बहन और दोस्त के साथ लगातार अपनी लोकेशन बदल रही है। इस पूरे मामले में श्रद्धा के कथित सफेदपोश और नौकरशाह मददगारों की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि बीते 9 अक्टूबर को हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शिवा पिछले चार महीने से मॉडल श्रद्धा के साथ लिव इन में रह रहा था। घटना के बाद शिवा का शव जब मिला तो उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था चेहरे पर लिपस्टिक के निशान थे और शरीर पर कई जगह सिगरेट से जलाने के निशान भी मिले थे। शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का सीधा आरोप है कि श्रद्धा ने ही शिवा को चौथी मंजिल से नीचे धक्का देकर मारा है। हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह का कहना है कि पुलिस टीमें पूरी सक्रियता से लगी हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।