
Shiva Sharma Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में बुधवार को एक अलग ही तस्वीर सामने आई है। हत्या की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का आज जन्मदिन है, जबकि शिवा की मां रंजना शर्मा हरिद्वार में अपने बेटे की अस्थियों का विसर्जन करेंगी। मंगलवार को श्रद्धा की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद वह हरिद्वार के लिए रवाना हो गई थीं। उधर, नागपुर से गिरफ्तार श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को लखनऊ लाने की तैयारी चल रही है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ाएगी।
शिवा शर्मा की मौत के मामले में तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनकी मां रंजना शर्मा मंगलवार देर शाम हरिद्वार के लिए निकल गई थीं। बुधवार को वह बेटे की अस्थियों का विसर्जन करेंगी। इसी दिन मामले की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे का जन्मदिन भी है। शिवा की 9 अक्टूबर को लखनऊ में श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनकी मां ने हजरतगंज थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी।
मंगलवार को यूपी एसटीएफ, लखनऊ पुलिस और नागपुर क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को गिरफ्तार किया था। तीनों नागपुर के बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के चिंचभवन स्थित प्रोज़ोन काम अपार्टमेंट में छिपे थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें हुडकेश्वर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। बुधवार को पुलिस तीनों को नागपुर कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लेने की प्रक्रिया पूरी करेगी। यूपी पुलिस की टीम भी हुडकेश्वर थाने पहुंच चुकी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिवा की मौत के बाद श्रद्धा लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। वह पहले नेपाल गई और वहां से रायबरेली लौटी। इसके बाद 17 अक्टूबर को आगरा पहुंची और 18 अक्टूबर को वापस लखनऊ आई। बताया जा रहा है कि लखनऊ आने का मकसद कानूनी बचाव के लिए वकालतनामा साइन करना था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ सड़क मार्ग से नागपुर निकल गई।
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, फरारी के दौरान श्रद्धा ने अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया। ऑनलाइन या यूपीआई भुगतान करने के बजाय वह नकद पैसे देती थी। बताया जा रहा है कि वह रास्ते में टैक्सी और कैब बदलती थी। किसी से संपर्क करने के लिए कैब ड्राइवर के फोन और वाई-फाई का इस्तेमाल करती थी। वह ऐसी जगह रुकती थी, जहां पहचान पत्र देने की जरूरत न पड़े। नागपुर में एक परिचित की मदद से ठहरने के लिए फ्लैट मिला था।
यूपी एसटीएफ ने श्रद्धा के ड्राइवर आमिर को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि शिवा की मौत के समय वह श्रद्धा के साथ मौजूद था। आमिर के नेपाल जाने और श्रद्धा के लिए फर्जी आईडी पर सिम लेने की बात भी सामने आई है। वहीं, पुलिस रश्मि दुबे की कथित साजिश और फरारी में भूमिका की जांच कर रही है। दानिश पर दोनों बहनों को अलग-अलग शहरों में ले जाने और छिपने में मदद करने का आरोप है। पुलिस यह भी जांच रही है कि उसने रास्ते या भेष बदलने में मदद की थी या नहीं।
शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार आरोपी ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश की बहन ने कहा कि जिस दिन यह मामला हुआ, उस दिन से हमारी दानिश से कोई बातचीत नहीं हुई है। वह ड्यूटी पर गया था, उसके बाद से हमें उसके बारे में कुछ भी पता नहीं है। हम केवल खबरों के माध्यम से ही जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। समाचारों में बताया जा रहा है कि वह नेपाल में है। हमें जो कुछ भी पता चल रहा है, वह केवल न्यूज के जरिए ही पता चल रहा है। इसके अलावा हमें कोई जानकारी नहीं है।