
मॉडल श्रद्धा दुबे (Instagram Photo श्रद्धा दुबे)
Shiva Sharma Death Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे के दो और कथित ऑडियो सामने आए हैं। एक ऑडियो में श्रद्धा किसी व्यक्ति को फोन करके अपने घर बुलाती सुनाई दे रही हैं। बातचीत के दौरान वह कहती हैं कि थोड़ा मैटर हो गया है और बहुत तगड़ा मामला हुआ है। इसके बाद वह अपनी गलती भी स्वीकार करने की बात कहती हैं। वहीं, दूसरे ऑडियो में शिवा शर्मा को धमकी देने और बदनाम करने का आरोप लगाने वाली बातचीत सामने आई है।
सामने आए एक कथित ऑडियो में श्रद्धा दुबे किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत करती सुनाई दे रही हैं। वह उस व्यक्ति से पूछती हैं कि क्या थोड़ी देर के लिए घर आ सकते हो। इसके बाद कहती हैं कि थोड़ा मैटर हो गया है और घर आने पर पूरी बात बताएंगी। बातचीत के दौरान श्रद्धा कहती हैं कि बहुत तगड़ा वाला मैटर हुआ है। आई नो मेरी गलती है। इसके बाद वह फोन पर बात कर रहे व्यक्ति को दस मिनट के अंदर घर आने के लिए कहती हैं।
इसी बातचीत में श्रद्धा शिवा शर्मा की गाड़ी में घूमने का जिक्र करती हैं। वह कहती हैं कि उसकी गाड़ी में घूमने की वजह से उनकी बदनामी हुई है। इसके बाद वह शिवा की भी उतनी ही धज्जियां उड़ाने की बात कहती हैं। दावा किया गया है कि ऑडियो में श्रद्धा कहती सुनाई दे रही है कि तुम्हारी जान की कसम खाती हूं। तुम्हारी जान की कसम झूठी नहीं खाई। जहां बैठेगा वहीं मारुंगी उसे। वादा करती हूं। बातचीत के दौरान वह अपनी ओर से की गई बेइज्जती का भी जिक्र करती हैं।
दावा किया गया है कि एक और ऑडियो में श्रद्धा दुबे शिवा शर्मा से बातचीत करती सुनाई दे रही हैं। इसमें श्रद्धा कहती हैं कि शिवा ने उन्हें गाड़ी में घुमाकर पूरे शहर में बदनाम किया है। वह आरोप लगाती हैं कि शिवा लोगों को यह दिखा रहा था कि वह उन्हें अपने साथ घुमा रहा है। श्रद्धा कहती हैं कि घूमने की वजह से उनका नाम खराब हुआ है। इसके बाद वह धमकी देते हुए कहती हैं कि जितना घुमा-घुमाकर शिवा ने उनका नाम खराब किया है, उतना ही घुमा-घुमाकर वह उसे मारेंगी, ताकि लोग उसे याद रखें।
बातचीत के दौरान श्रद्धा एक ऑफिसर का भी जिक्र करती हैं। वह शिवा से कहती हैं कि उस अधिकारी को उसके बारे में जानकारी मिली है। पहले शिवा की आर्थिक स्थिति ठीक थी, लेकिन बाद में उसे नुकसान हुआ। इस पर शिवा कहता सुनाई देता है कि सही डिटेल निकाली है। इसके जवाब में श्रद्धा कहती हैं कि अगर लोग उसकी जानकारी निकाल सकते हैं, तो वे कुछ भी कर सकते हैं। श्रद्धा शिवा को उसका पुराना वादा भी याद दिलाती हैं। वह कहती हैं कि शिवा ने कभी साथ नहीं छोड़ने का वादा किया था, लेकिन अब वह उन्हें छोड़कर जा रहा है। इस बातचीत में एक तीसरे व्यक्ति की आवाज भी सुनाई देती है, जो बीच-बीच में बोलता है।
कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में श्रद्धा दुबे पर आरोप लगे हैं। अब सामने आए इन दोनों कथित ऑडियो में धमकी, बदनामी और आपसी विवाद से जुड़ी बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, पत्रिका इन ऑडियो रिकॉर्डिंग की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। ऐसे में इनमें सुनाई दे रही बातचीत को जांच में साबित तथ्य नहीं माना जा सकता।
Updated on:
21 Oct 2026 01:24 pm
Published on:
21 Oct 2026 12:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
