लखनऊ

शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे, बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को लेकर लखनऊ पहुंची पुलिस, नागपुर कोर्ट से मिली थी ट्रांजिट रिमांड

Uttar Pradesh Crime News: लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को यूपी एसटीएफ नागपुर से लखनऊ ले आई है। तीनों को हजरतगंज थाने लाया गया। नागपुर कोर्ट से 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद अब आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
2 min read
• •
Oct 22, 2026
UP News
मॉडल श्रद्धा दुबे (Instagram Photo श्रद्धा दुबे)

Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को यूपी एसटीएफ नागपुर से लखनऊ ले आई है। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे तीनों को हजरतगंज थाने लाया गया। इस दौरान श्रद्धा अपना चेहरा छिपाते हुए थाने के अंदर गई। नागपुर की जिला अदालत ने पुलिस को तीनों आरोपियों की 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दी थी। अब पुलिस तीनों को कैसरबाग स्थित जिला अदालत में पेश कर सकती है। आरोपियों के पहुंचने से पहले हजरतगंज थाने में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।

श्रद्धा के फ्लैट पर बकाया टैक्स का नोटिस भेजने की तैयारी

दूसरी ओर, नगर निगम ने श्रद्धा दुबे के फ्लैट पर बकाया टैक्स को लेकर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम के जोनल अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि फ्लैट श्रद्धा के नाम पर दर्ज नहीं है। नगर निगम के रिकॉर्ड में यह शादाब और इशाक खान के नाम पर है। गुरुवार को जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बकाया टैक्स की वसूली के लिए नोटिस भेजा जाएगा और फ्लैट का नए सिरे से कर निर्धारण भी किया जाएगा।

डीसीपी सेंट्रल कार्यालय में तीनों से पूछताछ

शिवा शर्मा की मौत के मामले में यूपी एसटीएफ और लखनऊ क्राइम ब्रांच की टीम तीनों आरोपियों को लेकर हजरतगंज कोतवाली पहुंची। यहां स्थित डीसीपी सेंट्रल कार्यालय में अधिकारियों ने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश से पूछताछ शुरू की। पुलिस आरोपियों से घटना वाले दिन की पूरी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शिवा शर्मा की मौत से पहले फ्लैट में क्या हुआ था और घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजरतगंज कोतवाली के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

नागपुर कोर्ट से मिली 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड

यूपी एसटीएफ ने 20 अक्टूबर को नागपुर पुलिस की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें नागपुर की जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उत्तर प्रदेश पुलिस को तीनों आरोपियों की 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दी थी। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें नागपुर से लखनऊ लेकर आई। अब पुलिस पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को लखनऊ की अदालत में पेश करेगी। श्रद्धा, उसकी बहन और दानिश के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज है।

चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत

लखनऊ में 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की श्रद्धा दुबे के फ्लैट की चौथी मंजिल से नीचे गिरने के बाद मौत हो गई थी। घटना के बाद शिवा की मां रंजना शर्मा ने हजरतगंज थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद श्रद्धा दुबे और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

नेपाल से नागपुर तक बदलती रही लोकेशन

शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा दुबे फरार हो गई थी। पुलिस जांच के दौरान उसकी लोकेशन नेपाल में मिली थी। इसके बाद उसके दिल्ली, रायबरेली और आगरा पहुंचने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि श्रद्धा आगरा में कई दिन रुकी थी। इसके बाद वह लखनऊ पहुंची और फिर नागपुर चली गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए श्रद्धा लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी। यूपी एसटीएफ ने नागपुर में उसे पकड़ लिया।

Updated on:
22 Oct 2026 11:32 am
Published on:
22 Oct 2026 10:28 am
Also Read
View All