
एमएलसी चुनाव को लेकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने आशंका जताई कि, अगर यूपी विधान परिषद चुनाव में भाजपा ने बेईमानी नहीं की तो समाजवादी पार्टी के कैंडिडेट बड़ी तादात में जीत हासिल करने में कामयाब हो जाएंगे। यूपी के इटावा में अपने चौगुर्जी आवास पर होली जश्न में शामिल हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहाकि, पंचायत चुनाव में सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी की ओर से हुई बेईमानी हर किसी ने बखूबी देखी है। अब एमएलसी चुनाव की प्रकिया शुरू हो गई है। जिसमें समाजवादी पार्टी गठबंधन के उम्मीदवार खासी तादात में हर ओर जीतते हुए दिखाई दे रहे हैं।
चुनाव में बढ़ा हमारा वोट प्रतिशत
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी सुप्रीमो शिवपाल सिंह यादव ने विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है और भाजपा ने अगर बेईमानी नहीं की होती तो परिणाम कुछ अलग होता। भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है, इसके पीछे भाजपा को अधिकारियों का पूरा सहयोग मिला है।
भाजपा को हटाएंगे
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि, चुनाव 2022 में योगी सरकार, केंद्र सरकार और मंत्रियों को भी पैसे बांटने में लगाया गया था। अब हम लोग गरीब और मजलूमों की लड़ाई के लिए निकलेंगे। छात्र और नौजवान सभी लोग हमारे साथ हैं। प्रदेश और देश से भाजपा को हटाएंगे।