
UP Assembly Election:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले श्रावस्ती में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने SP के साथ गठबंधन की पेशकश की। ओवैसी ने कहा कि अगर BJP को उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोकना है तो उनकी पार्टी SP के साथ गठबंधन या समझौता करने को तैयार है। ओवैसी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रस्ताव स्वीकार नहीं होने पर AIMIM अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी। ओवैसी ने कहा कि मैंने कई बार कहा है, और आज फिर कह रहा हूं। अगर वे भाजपा को रोकना चाहते हैं, तो ओवैसी गठबंधन बनाने, समझौता करने के लिए तैयार हैं, ताकि बाबा यहां तीसरी बार मुख्यमंत्री न बन सकें।
असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन की पार्टियों को निशाने पर लेते हुए कहा कि चाहे उत्तर प्रदेश के मुसलमान हों या भारत के 20 करोड़ मुसलमान, हम आपकी निजी संपत्ति नहीं हैं, अगर आप हमें केवल संपत्ति समझते हैं, तो आगामी विधानसभा चुनाव आपको सबक सिखाएगा।
ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में BJP की सरकार तीसरी बार नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि BJP को रोकने के लिए ओवैसी और AIMIM गठबंधन या समझौता करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर वे BJP को रोकना चाहते हैं, तो AIMIM गठबंधन बनाने के लिए तैयार हैं। अगर कोई इस निमंत्रण या प्रस्ताव को कमजोरी समझता है, तो याद रखे, यह कमजोरी की निशानी नहीं है, यह हमारी ताकत और उदारता की निशानी है कि हम आपकी ओर हाथ बढ़ा रहे हैं।
ओवैसी ने कहा कि अगर आप इस हाथ को ठुकराते हैं, तो ध्यान से सुनें, (SP) यह हाथ बहुत शक्तिशाली है, यह आपके गले की नसें भी तोड़ सकता है, आइए, हम सब मिलकर उन्हें रोकें। अगर आप हमारा प्रस्ताव स्वीकार नहीं करते हैं, तो कोई बात नहीं, AIMIM चुनाव लड़ेगी।
ओवैसी ने विकास की कमी का मुद्दा उठाते हुए SP और BJP पर निशाना साधा। उन्होंने मदरसों को बंद करने और गिराए जाने के साथ ही कब्रिस्तानों और धार्मिक स्थलों को कथित तौर पर तोड़े जाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आवाज नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी अन्याय होगा, हम अपनी आवाज उठाएंगे। चाहे वह दलितों के खिलाफ हो, मुसलमानों के खिलाफ हो या हमारे हिंदू भाई के खिलाफ, अन्याय तो अन्याय ही है, धर्म क्या है, यह नहीं देखा जाता।
AIMIM प्रमुख ने पार्टी पर वोट काटने के आरोपों को लेकर भी SP को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि AIMIM लोकतांत्रिक राजनीति का हिस्सा है और चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह आपकी दावत नहीं है, और हम आपकी दावत में मेहमान नहीं हैं। यह भारतीय लोकतंत्र का मेला है।