वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक और वीडियो जारी कर सफाई दी है।
लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बालू अड्डा इलाके में गंदा पानी पीने से काफी लोग बीमार हो गए हैं। इसी बात को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम दफ्तर पर प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन में पहुंचे पूर्व मंत्री रविदास मल्होत्रा को कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन से धक्का देकर भगा दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अपने ही नेता को पहचान नहीं पाए सपाई
वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक और वीडियो जारी कर सफाई दी है। सपा कार्याकर्ताओं ने कहा कि धरना प्रदर्शन के दौरान वह पूर्व मंत्री को पहचान नहीं सके, जिसकी वजह से उनको धक्का देकर हटा दिया गया।
नगर निगम दफ्तर पर चल रहा था प्रदर्शन
लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र में बालू अड्डे में गंदा पानी पीने से कई लोग हॉस्पिटल में भर्ती हैं। इस बात से नाराज सपा कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे थे और नगर आयुक्त को हटाने की मांग कर रहे थे। जब प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता गेट पर बैठकर नारेबाजी कर रहे थे तो इस दौरान सपा सरकार में मंत्री रहे और वरिष्ठ नेता रविदास मल्होत्रा भी इस प्रदर्शन में पहुंचे, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें धक्का देकर हटा दिया।
वीडियो जारी कर पेश की सफाई
वीडियो वायरल हुआ तो सपा कार्यकर्ताओं ने रविदास मल्होत्रा के साथ बैठकर एक वीडियो जारी किया और सफाई दी कि वह अपने वरिष्ठ नेता को पहचान नहीं सके। ऐसे में बीजेपी द्वारा लगातार वीडियो को वायरल कर समाजवादी पार्टी की छवि बिगाड़ी जा रही है।
गंदा पानी पीने से दो दर्जन लोगों की तबीयत खराब
बताया जा रहा है कि बालू अड्डा इलाके के लगभग दो दर्जन बच्चों की तबीयत खराब हो गई और एक बच्चे की मौत भी हो गई। साथ ही एक महिला भी बीमार हो गई। बालू अड्डा इलाके के लोगों का आरोप है कि नल से आ रहे गंदे पानी के सेवन से बच्चों की तबीयत बिगड़ी है।
सिविल अस्पताल में भर्ती हैं पीड़ित
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों को नजदीक के सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। बालू अड्डा के निवासी हुसैन के करीब एक साल के बेटे की मौत हो गई। हुसैन ने बताया कि बच्चे को रात में उल्टी हो रही थी। सुबह उसको दवा खिलाई गई और फिर निशातगंज स्थित एक अस्पताल में दिखाया गया लेकिन बच्चा बच नहीं पाया और उसकी मौत हो गई।