
लखनऊ. अब न सिर्फ लखनऊ बल्कि प्रदेश के दूसरे शहरों से भी मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरू जाना आसान हो गया है। दरअसल स्पाइसजेट ने पांच नई उड़ाने शुरू की हैं। इनमें कानपुर-मुम्बई, वाराणसी-कोलकाता, गोरखपुर-बंगलोर,वाराणसी-बेंगलुरू और कानपुर-कोलकाता की फ्लाइट शामिल हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उड्डयन मंत्री गोपाल नंदी ने दी जानकारी। इस दौरान स्पाइस जेट के अधिकारियों ने नई उड़ानों का कार्यक्रम तय किया। स्पाइस जेट की पांच नई उड़ानों का ऐलान हुआ है। गोरखपुर कानपुर और वाराणसी से शुरू हुई उड़ानें। 13 और उड़ानें अभी हैं प्रस्तावित।
यूपी हवाई कनेक्टिविटी में सबसे आगे
बता दें कि यूपी हवाई कनेक्टिविटी में सबसे आगे हो गया है। अब न सिर्फ लखनऊ, आगरा व वाराणसी बल्कि कानपुर, गोरखपुर, इलाहाबाद से भी कई शहरों के लिए सीधे विमान सेवा शुरू हो गई हैं। इसके अलावा यूपी के जिन 8 शहरों को लखनऊ के हवाई मार्ग से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। उनमें अलीगढ़, आजमगढ़, बरेली, चित्रकूट, झांसी, मुरादाबाद, सोनभद्र, श्रावस्ती जिलों को शामिल किया गया है। बीते दिनों इलाहाबाद के बमरौली हवाई अड्डे से जेट एयरवेज की नागपुर और इंदौर के लिए विमान सेवा शुरू हो गई। इससे पहले पिछले वहां से लखनऊ और पटना के लिए उड़ान शुरू हो चुकी है। इलाहाबाद से पांच शहरों के लखनऊ, पटना, नागपुर और इंदौर के लिए यात्रियों को सीधी विमान सेवा की सुविधा मिलेगी।
चंडीगढ़ की सीधी फ्लाइट
चंडीगढ़ व शिमला घूमने वालों के लिए भी च्छी खबर है। अब लखनऊ से चंडीगढ़ के लिए सीधी उड़ान शुरू हो चुकी है। अभी तक चंडीगढ़ जाने के लिए वाया दिल्ली व मुम्बई होकर उड़ानें हैं। फिलहाल सितंबर के कुछ दिनों के लिए बुकिंग फुल है। जेट एयरवेज के अधिकारियों के मुताबिक चंडीगढ़ एयरपोर्ट से 9डब्ल्यू 3523 रोजाना अपराह्न 02.45 बजे रवाना होने वाला विमान लखनऊ शाम 4.40 पर आएगा। लखनऊ से 9डब्ल्यू 3524 रोजाना अपराह्न 1.50 पर उड़ान भरने वाला विमान अपराह्न 3.40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगा। सितंबर के दूसरे और तीसरे सप्ताह में कुछ दिन 1999 रुपये में लखनऊ से चंडीगढ़ का टिकट मिल रहा है।
नेपाल के लिए भी सीधी फ्लाइट
बीते दिनों लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट से काठमांडू के बीच सीधी उड़ान शुरू की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि गोरखपुर एयरपोर्ट से न सिर्फ जल्दी ही पड़ोसी देश नेपाल और देश के बड़े महानगरों मुंबई, कोलकाला, बेंगलुरु के बीच हवाई सेवाएं शुरू होगीं। उन्होंने कहा कि यूपी में युद्ध स्तर पर हवाई सेवाओं का विस्तार होगा। योगी ने दावा किया कि प्रदेश के 22 हवाई अड्डों के विस्तार के साथलखनऊ एयरपोर्ट को हाईटेक सुविधाओं से लैस करने के लिए 1200 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इन शहरों के लिए यूपी से जाती हैं फ्लाइट
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई,हैदराबाद, बेंगलुरू, इंदौर, पटना,देहरादून, चंड़ीगढ़, अहमदाबाद, जयपुर आदि