
लखनऊ. दबंगों से परेशान एक महिला ने अपने दृष्टिहीन पति के साथ राजधानी लखनऊ में लोक भवन के सामने पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। दंपत्ति बाराबंकी के रहने वाले हैं और दबंगों से परेशान होकर गुरुवार को यह कदम उठाया। दंपत्ति का आरोप है कि बाराबंकी पुलिस से शिकायत किये जाने के बाद भी पुलिस दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी। पीड़ित दम्पत्ति बाराबंकी के हेतमापुर गांव के रहने वाले हैं।
सुरक्षाकर्मियों ने दंपत्ति को पकड़ा
लोकभवन के सामने ख़ुदकुशी की कोशिश के बाद हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को पकड़ लिया जिसके बाद उन्हें थाने लाया गया। हजरत गंज कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दंपत्ति ने कल बाराबंकी में सम्बंधित थाने में शिकायती पत्र दिया था। इनकी शिकायत पर पुलिस जांच भी कर रही थी। दंपत्ति को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है और सम्बंधित थाने से भी इस बारे में बात की गई है।
बाराबंकी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश
पीड़ित दंपत्ति आशाराम और आरती ने बताया कि गाँव के दबंग उन्हें काफी समय से परेशान कर रहे हैं। उनके साथ दबंगों ने मारपीट भी की। पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा। दंपत्ति ने गांव में उन्हें परेशान कर रहे दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में बाराबंकी पुलिस को मामले की तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।