लखनऊ

UP में गैर मान्यता प्राप्त मदरसों पर आज से सर्वे शुरू, विपक्ष का हमला जारी

उत्तर प्रदेश में आज से गैर मान्यता प्राप्त मदरसों पर सर्वे शुरू हो गया है। अल्पसंख्यक विभाग की टीम को सर्वे कराने का काम पांच अक्टूबर तक पूरा करना है। जबकि 25 अक्टूबर तक अपनी रिपोर्ट शासन को भेजनी है।
2 min read
• •
Updated: 10 Sep 2022, 11:33 AM IST
survey_starts_from_today_on_unrecognized_madrassas_in_up.jpg

विपक्ष की तमाम आलोचनाओं के बीच उत्तर प्रदेश में आज यानी शनिवार से गैर मान्यता प्राप्त मदरसों पर सर्वे शुरू हो गया है। सर्वे कराने के बाद इन मदरसों को या तो मान्यता प्राप्त मदरसों के साथ जोड़ा जाएगा। या फिर इन्हें बंद कर दिया जाएगा। अल्पसंख्यक विभाग की टीम को सर्वे कराने का काम पांच अक्टूबर तक पूरा करना है। जबकि 25 अक्टूबर तक अपनी रिपोर्ट शासन को भेजनी है। दरअसल, हाल ही में सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के सर्वे कराने का फैसला सुनाया था। वहीं सरकार के इस फैसले के बाद से ही विपक्ष लगातार उनपर हमलावर है। इसी कड़ी में सपा, बसपा और एआइएमआइएम पार्टी योगी सरकार के इस फैसले का कड़ा विरोध कर रही है।

मदरसों के कायाकल्प के लिए जुटी सरकार

गौरतलब है कि प्रदेश की योगी सरकार ने मान्यता प्राप्त मदरसों के कायाकल्प के लिए अपनी कमर कस ली है। इसी कड़ी में प्रदेश के गैर मान्यता प्राप्त मदरसों पर आज से सर्वे कराने का काम शुरू हो रहा है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अपनी टीम के साथ सर्वे के काम को अंजाम देंगे। टीम के अलावा शिक्षा विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वहीं टीम को पांच अक्टूबर तक सर्वे का काम पूरा कर के 25 अक्टूबर को शासन को रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इसमें जरा सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बसपा और एआईएमआईएम ने किया हमला

उधर, सरकार के इस फैसले का विपक्ष पुरजोर विरोध करने में लगा है। पहले बसपा प्रमुख मायावती ने सीएम योगी को निशाने पर लिया। वहीं अब एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने योगी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट किया कि "मोदी सरकार के मदरसों के आधुनिकरण की योजना के तहत सिर्फ यूपी में ही 50,000 शिक्षकों का कुल 750 करोड़ रुपया बकाया है। लोकसभा में मैंने सवाल उठाया जिसपर पूर्व अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने मुझे फंड जल्द तक्सीम करने का आश्वासन दिया था।"

ओवैसी ने योगी सरकार पर उठाए सवाल

ओवैसी ने अगले ट्वीट में लिखा कि "टीचरों की ऐसे हालात का क्या जिम्मेदार मैं हूं। बकाया फंड देने के लिए सरकार को कौन.से सर्वे की जरूरत है। उत्तर प्रदेश में इन मदरसों को आधुनिकीकरण के बहाने निशाना बनाया जा रहा है। देश में भाजपा शासित राज्यों में मदरसों को निशाना बनाया जा रहा है। जब मैंने इसकी मुखालिफत की तो मुझ पर झूठा इलजाम लगा दिया गया कि मैं मदरसों के आधुनिकीकरण के खिलाफ हूं।"

Published on: