
लखनऊ. बॉलीवुड (Bollywood) के मशहूर कलाकार सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) ने रविवार को मुंबई के बांद्रा स्थित आवास पर सुसाइड कर लिया। पटना के मूल निवासी 34 वर्षीय सुशांत के निधन से उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में शोक की लहर है। सोशल मीडिया (Social Media) पर भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा है। हर कोई दुखी और स्तब्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि युवा कलाकार का इस प्रकार से विदा होना अचंभित करने वाला है। अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि धोनी के रूप में उनकी भूमिका अमर रहेगी। मायावती (Mayawati) ने ट्वीट करते हुए कहा कि कुदरत उनके परिवार व फैन्स को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) व स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने भी ट्वीट करते हुए संवेदना जताई है। प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने ट्वीट करते हुए कहा कि श्वर उनकी आत्मा को शांति दें और इस कठिन घड़ी में परिजनों, दोस्तों को ये पीड़ा सहने की शक्ति दे।
युवा कलाकार का इस प्रकार से विदा होना अचंभित करने वाला : सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा कि सुशांत सिंह राजपूत जैसे उभरते हुए प्रतिभावान युवा कलाकार का इस प्रकार नश्वर संसार से विदा होना अचंभित करने वाला एवं दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति और अपने श्री चरणों में स्थान दें। मेरी संवेदनाएं उनके शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। ॐ शांति
'धोनी' के रूप में उनकी भूमिका अमर रहेगी : अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ट्वीट करते हुए कहा कि लोकप्रिय अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का यूं अचानक जाना हिंदी फ़िल्म जगत और उनके चाहनेवालों के लिए अत्यंत दुखद एवं स्तब्धकारी है। 'धोनी' के रूप में उनकी भूमिका हमेशा अमर रहेगी। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!
मायावती ने जताई संवेदना
बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट करते हुए कहा कि युवा फिल्मी कलाकार सुशान्त सिंह राजपूत के आज असामायिक निधन की खबर अति-दुखद। गहरी संवेदना। पटना में जन्मे व फिजिक्स में नेशनल ओलम्पियाड विजेता सुशान्त टेलीविजन की दुनिया से आगे बढ़कर हिन्दी फिल्मजगत में पहुंचे थे। कुदरत उनके परिवार व फैन्स को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
सुशांत का यूं चले जाना पीड़ादायक है : राजनाथ सिंह
लखनऊ से सांसद व केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ट्वीट करते हुए कहा कि हिंदी फिल्मों के युवा कलाकार सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु का समाचार स्तब्ध करने वाला है। उनकी अभिनय क्षमता, प्रतिभा और कौशल के लोग क़ायल था। उनका यूं चले जाना पीड़ादायक है और यह फ़िल्मजगत के लिए एक बड़ा नुक़सान है।ईश्वर उनके परिवार एवं प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति दे।
इतनी जल्दी क्यों चले गये : स्मृति ईरानी
केंद्रीय मंत्री व अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने अभिनेता सुशांत के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मेरे पास शब्द नहीं हैं और न ही समझ पा रही हूं कि यह युवा कलाकार इतनी जल्दी क्यों चला गया। ईश्वर आत्मा को शांति प्रदान करे।
कुछ खबरें कितनी दुखदायी होती हैं : प्रिंयका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि कुछ खबरें कितनी दुखदायी होती हैं। नौजवान और प्रतिभाशाली अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चले जाने की खबर सबको स्तब्ध कर देने वाली है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और इस कठिन घड़ी में परिजनों, दोस्तों को ये पीड़ा सहने की शक्ति दें।