लखनऊ

तो क्या सपा में शामिल होंगे यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह? अखिलेश के रिट्वीट से बढ़ी सियासी हलचल

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा के डिजिटल मीडिया कोआर्डिनेटर मनीष जगन अग्रवाल के ट्वीट को किया रिट्वीट

2 min read
Sep 01, 2021
swatantra dev singh and mulayam singh yadav meeting update

लखनऊ. बीते दिनों बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की मुलाकात हुई। दोनों गर्मजोशी से एक-दूसरे का हाथ थामे दिखे। सोशल मीडिया पर उनकी फोटो भी खूब वायरल हो रही है। खुद स्वतंत्र देव सिंह ने भी मुलायम से मुलाकात की तस्वीर ट्वीट करते हुए इसे शिष्टाचार भेंट बताया, लेकिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव के एक रिट्वीट ने सियासी गलियारों की तपिश बढ़ा दी है। साथ ही चर्चा शुरू हो गई है कि क्या सच में स्वतंत्र देव सिंह भाजपा से नाराज हैं और समाजवादी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा के डिजिटल मीडिया कोआर्डिनेटर मनीष जगन अग्रवाल के ट्वीट को रिट्वीट किया। 30 अगस्त को मनीष जगन अग्रवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मुलायम सिंह यादव से आज मुलाकात की। इस दौरान नेता जी ने उन्हें समाजवादी पार्टी जॉइन करने का ऑफर दिया। भाजपा में पिछड़ों दलितों की अनदेखी से शायद स्वतंत्र देव सिंह नाराज हैं। स्वतंत्र देव सिंह इसे भले ही शिष्टाचार मुलाकात कहें लेकिन कुछ तो है?

कहा- शायद इसलिए नाराज हैं स्वतंत्र देव सिंह
एक और ट्वीट में मनीष जगन अग्रवाल ने लिखा, भाजपा में चल रही तानाशाही और दलितों पिछड़ों की अनदेखी से शायद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह नाराज हैं। पहले स्वतंत्र देव का मंत्रीपद छीना गया, फिर उन्हें उचित सम्मान नहीं मिला। केशव मौर्या समेत तमाम पिछड़े दलित नेता भाजपा में असहज महसूस कर रहे हैं। सपा प्रवक्ता आईपी सिंह ने भी ट्वीट करते हुए लिखा, नेता जी ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से कहा कि सपा में आ जाओ बहुत तरक्की करोगे। उन्होंने बीजेपी नेता को सपा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

स्वतंत्र देव सिंह ने बताई मुलायम सिंह यादव से मिलने की वजह
स्वतंत्र देव सिंह ने मुलायम सिंह यादव के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, आदरणीय मुलायम सिंह जी 'नेताजी' से उनके आवास पर भेंट कर कुशलक्षेम जाना एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। मैं ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं। सियासी हलचल बढ़ी तो स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि कल्याण सिंह जी की श्रद्धांजलि सभा में 40 दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। इसी संदर्भ में उन्होंने मुलायम सिंह यादव से मुलाकात कर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की 'श्रद्धांजलि सभा' के लिए आमंत्रित किया था। इस संदर्भ में वह मायावती से मिले थे, जिसके बाद उन्होंने सतीश चंद्र मिश्र को भेजा था।

Updated on:
01 Sept 2021 01:47 pm
Published on:
01 Sept 2021 01:41 pm