
लखनऊ. शारदीय नवरात्र के पहले दिन योगी आदित्यनाथ सरकार ने बेटियों के लिए खुशखबर दी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की, यूपी पुलिस के 20 फीसद पद बेटियों के लिए रिजर्व होंगे। इसके अलावा हर थाने में महिला डेस्क भी बनाई जाएगी। नवरात्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में मिशन शक्ति का आगाज करते हुए यह घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस में 20 प्रतिशत पदों पर भर्ती बेटियों की ही होगी। उत्तर प्रदेश में महिलाओं व बालिकाओं के सम्मान और उनकी सुरक्षा के लिए शुरू किया गया मिशन शक्ति अभियान नौ दिनों तक चलेगा।
इसके बाद अप्रेल तक हर महीने यह अभियान एक-एक सप्ताह के लिए चलाया जाएगा, जिसके लिए अलग-अलग थीम निर्धारित की जाएगी। मिशन शक्ति अभियान से 24 सरकारी विभाग व अंतरराष्ट्रीय और सामाजिक संगठन जुड़े हैं। इसके साथ ही हर माह में एक सप्ताह तक विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मिशन शक्ति के तहत प्रदेश की 24 करोड़ जनता तक पहुंचकर उन्हें महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर जागरूक किए जाने का यूपी सरकार ने लक्ष्य रखा है।
इसे भी पढ़े : मिशन शक्ति : बहू-बेटियों को सशक्त बनाएंगे पंचायत भवन
बर्बरता की शिकार बेटियों के लिए श्रद्धांजलि
सीएम योगी का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान बलरामपुर में बर्बरता की शिकार हुई बिटिया को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के तहत उत्तर प्रदेश भर में शोहदों व मनचलों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ की जाएगी। इसके साथ ही सभ्य समाज के दुश्मनों की तस्वीर चौराहों पर लगेगी। उन्होंने कहा कि बेटियों व महिलाओं की सुरक्षा और विघटनकारियों को कठोर सजा का संदेश देने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। सीएम ने निर्देश दिया है कि बिटिया के दुष्कर्मियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर शीघ्र ही कठोर सजा दिलाई जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।