लखनऊ

मोदी कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं यूपी के कई चेहरे, यह रही एक दर्जन नामों की लिस्ट

- 30 मई को नरेंद्र मोदी ले सकते हैं प्रधानमंत्री पद की शपथ- नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं उत्तर प्रदेश के कई सांसद- लोकसभा चुनाव में एनडीए ने उत्तर प्रदेश से 62 जीती हैं

2 min read
May 25, 2019
मोदी कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं यूपी के कई चेहरे, यह रही एक दर्जन नामों की लिस्ट

लखनऊ. लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद अब नई कैबिनेट गठन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। खासकर उत्तर प्रदेश से कितने चेहरे केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होंगे, इसे लेकर कयासबाजी चरम पर है। नरेंद्र मोदी की नई कैबिनेट में उत्तर प्रदेश के एक दर्जन से अधिक सांसद केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। इनमें कई पुराने तो कुछ नये चेहरों को भी मोदी कैबिनेट का हिस्सा बनाया जा सकता है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी ने अकेले 62 सीटें जीती हैं, जबकि एनडीए की सहयोगी पार्टी अपना दल दो सीटें मिली हैं।

16वीं लोकसभा भंग हो चुकी है। 17वीं लोकसभा के लिए नरेंद्र मोदी 30 मई को प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नये मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, नरेंद्र मोदी कैबिनेट में उत्तर प्रदेश के एक दर्जन से अधिक सांसद मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। इनमें राजनाथ सिंह , महेश शर्मा, मेनका गांधी , संजीव बालियान, एसपी सिंह बघेल, सत्यदेव पचौरी, महेंद्रनाथ पांडेय, अनुप्रिया पटेल, डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, संतोष गंगवार , साध्वी निरंजन ज्योति, सत्यपाल सिंह और राजवीर सिंह के नाम शामिल हैं।

राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह दूसरी बार लखनऊ से सांसद चुने गये हैं। बीजेपी की पिछली सरकार में वह केंद्रीय गृहमंत्री थे। इस बार भी मोदी मंत्रिमंडल में उनका शामिल होना लगभग तय है।

स्मृति ईरानी
अमेठी में राहुल गांधी को हराकर कांग्रेस का तिलिस्म तोड़ने वाली स्मृति ईरानी को केंद्रीय मंत्रिमंडल में बड़ा पद देकर उन्हें ईनाम दिया जा सकता है। पिछली सरकार में उनके पास मानव संसाधन मंत्रालय था, बाद में उनका विभाग बदलकर कपड़ा मंत्रालय दे दिया गया।

मेनका गांधी
भारतीय जनता पार्टी की नई सरकार में मेनका गांधी को अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। पिछली सरकार में उनके पास महिला एवं बाल कल्याण विभाग था। मेनका गांधी इस बार सुलतानपुर से सांसद चुनी गई हैं। कड़े मुकाबले में उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी चंद्रभद्र सिंह सोनू को हराया है।

डॉ. रीता बहुगुणा जोशी
यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने इलाहाबाद से लोकसभा चुनाव जीता है। माना जा रहा है कि इस बार उन्हें केंद्रीय कैबिनेट का अहम हिस्सा बनाया जा सकता है।

यह मंत्री भी दौड़ में शामिल
केंद्रीय कैबिनेट में रीता बहुगुणा जोशी जोशी ही नहीं, योगी सरकार में शामिल मंत्री एसपी सिंह बघेल, सत्यदेव पचौरी को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इनके अलावा पिछली बार मोदी कैबिनेट का हिस्सा रहीं अनुप्रिया पटेल और साध्वी निरंजन ज्योति को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ का भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होना लगभग तय है। महेंद्रनाथ पांडेय पूर्वांचल की चंदौली सीट से दूसरी बार सांसद चुने गये हैं। फिलहाल वह यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

Published on:
25 May 2019 01:44 pm
Also Read
View All