Brutal Throat Slit Murder in Lucknow : लखनऊ में चलती बाइक पर दोस्त ने एक दोस्त का गला रेत दिया। मृतक की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है।
लखनऊ : दो दोस्त और एक बाइक। लखनऊ की गुलजार सड़कें…बाइक फर्राटा भर रही थी। दोनों दोस्त गप्पे मारते हुए आगे बढ़ रहे थे। बाइक के हैंडल में एक पन्नी लटक रही थी उसमें कवाब पराठे थे। दोनों बातें करते हुए जा रहे थे। लेकिन, पीछे बैठे दोस्त के मन में एक टीस थी। इसी टीस के चलते पीछे वाले दोस्त ने अपनी जेब से ब्लेड निकाली और बेरहमी से बाइक चला रहे दोस्त का गला रेत दिया। गले पर ब्लेड चलते ही बाइक चला रहा दोस्त तुरंत नीचे सड़क पर गिर गया और तड़प-तड़पकर उसकी मौत हो गई। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान प्रदीप (निवासी उतरठिया गांव, PGI) के रूप में हुई है। वह पत्नी पूजा और चार साल के बेटे के साथ किराए के मकान में रहता था। मूल रूप से दंपती कानपुर के रहने वाले थे। प्रदीप ऑटो चालक था और परिवार का पालन-पोषण करता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद जब पत्नी पूजा वहां पहुंची तो पति का शव देखकर बदहवास हो गई और शव के पास बैठकर चीखने-चिल्लाने लगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रदीप के पीछे बाइक पर बैठे उसके दोस्त तीरथ ने ही हत्या की। बताया जा रहा है कि तीरथ का प्रदीप के घर आना-जाना था, इसी दौरान उसका प्रदीप की पत्नी पूजा से प्रेम प्रसंग हो गया। प्रदीप ने इसका विरोध किया था, जिससे तीरथ उससे रंजिश रखने लगा।
मंगलवार रात तीरथ ने कथित तौर पर मौका पाकर चलती बाइक पर पीछे से प्रदीप का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
घटनास्थल पर प्रदीप की बाइक खड़ी मिली, जिस पर चारों ओर खून फैला हुआ था। बाइक के हैंडल पर बंधी एक पॉलिथीन भी खून से सनी मिली, जिसमें कुछ रोल लिपटे हुए थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन रोल का हत्या से कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।