लखनऊ

तेजस के लेट होने पर रिफंड नहीं, अब मिलेगी 10 लाख रुपए की सुविधा!

Indian Railways: IRCTC ने तेजस एक्सप्रेस में दिए जाने वाले रिफंड को बंद करके नई पॉलिसी को लागू कर दिया है। इस पॉलिसी के तहत यात्री को 2 लाख से लेकर 10 लाख रुपए तक की सुविधा मिलेगी।
2 min read
• •
Updated: 28 Dec 2024, 9:13 AM IST
Indian Railways

Indian Railways: प्रीमियम ट्रेनों के लेट होने पर यात्रियों को रिफंड देने वाली सुविधा भारतीय रेलवे ने बंद कर दी है। पहले लखनऊ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन तेजस अगर निर्धारित समय से लेट होती थी तो आईआरसीटीसी यात्रियों को रिफंड देता था। पुराने नियम के मुताबिक, ट्रेन के 2 घंटे लेट होने पर 100 रुपए, 4 घंटे लेट होने पर 250 रुपए प्रति यात्री को दिया जाता था।

IRCTC ने लागू की नई इंश्योरेंस पॉलिसी

नई व्यवस्था लागू होने पर रिफंड देने की सुविधा को बंद कर दिया गया है। वहीं, पुराने नियम को हटाकर आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए नई इंश्योरेंस पॉलिसी लागू की है। इसके तहत बीमा राशि में बढ़ोतरी की गई है, जहां अब दुर्घटना में यात्री की मृत्यु होने की स्थिति में दस लाख रुपए तक दिए जाएंगे।

अब तक 3 करोड़ रुपए रिफंड कर चुकी है IRCTC

ट्रेन नंबर 82501/02 अप डाउन तेजस एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन से नई दिल्ली के बीच चलती है। यह देश की पहली कारपोरेट ट्रेन है। इसे भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) संचालित करता है। कोहरे आदि में ट्रेन के लेट होने पर आईआरसीटीसी यात्रियों को रिफंड देता था। अधिकारियों के अनुसार तीन करोड़ रुपए के आसपास रिफंड दिया जा चुका है। ऐसे में अब रेलवे ने इस रिफंड को बंद कर दिया है।

नई पॉलिसी में बीमा मिलेगा

● दुर्घटना में मृत्यु होने पर-10 लाख रुपए

● शारीरिक विकार होने पर-10 लाख रुपए

● आंशिक रूप से विकार होने पर-साढ़े 7 लाख

● चोटिल होने पर अस्पताल के खर्च-2 लाख तक

● शव लाने-ले जाने के लिए खर्च-10 हजार रुपए

बीमा में की गई बढ़ोत्तरी

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि अभी तक तेजस में अन्य ट्रेनों जैसे बीमा की सुविधा मिलती थी। मसलन मृत्यु होने की स्थिति में दो लाख रुपए देने का प्राविधान था जिसे अब बढ़ाकर 10 लाख रुपए कर दिया गया है। आईआरसीटीसी में यात्रियों को बीमा देने के लिए तीन कंपनियां हैं।

Also Read
View All