लखनऊ

मोदी कैबिनेट से संतोष गंगवार ने क्यों दिया इस्तीफा? कभी यूपी में सीएम पद के थे दावेदार

केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफा, आज होगा मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार

2 min read
Jul 07, 2021

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. केंद्रीय मंत्रिमंडल (Modi Cabinet) का आज विस्तार होगा। नरेंद्र मोदी सरकार (Modi Government) के दूसरे कार्यकाल का यह पहला कैबिनेट विस्तार है। अगले साल विधानसभा चुनाव (UP Vidhansabha Chunav 2022) को देखते हुए मंत्रीपद के लिए यूपी से कई नाम चर्चा में हैं। लेकिन, उससे पहले कई दिग्गजों को कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। इनमें केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार का नाम भी शामिल है। इस्तीफे की जानकारी खुद संतोष गंगवार (Santosh Gangwar) ने दी है। बेदाग छवि के नेता संतोष गंगवार को पीएम नरेंद्र मोदी का करीबी माना जाता है। एक बार तो उनका नाम यूपी के मुख्यमंत्री पद के लिए भी चर्चा में रहा था। लेकिन, बुधवार को उनके इस्तीफे के बाद तरह-तरह की अटकलें तेज हो गई हैं।

मंत्रिमंडल से इस्तीफा क्यों?
संतोष गंगवार बीजेपी की सरकार में मंत्रीपद संभाल चुके हैं। बेदाग छवि के नेता हैं। बरेली से लगातार चुनाव जीतते रहे हैं। यूपी में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में उनकी विदाई थोड़ी आश्चर्य चकित करने वाली है। बताया जा रहा है कि मोदी कैबिनेट से संतोष गंगवार की विदाई के पीछे उम्र और स्वास्थ्य बड़ा कारण है। संतोष गंगवार की उम्र 72 वर्ष है और बीते वर्षों में बीमार रहे हैं। कोरोना संक्रमित भी हुए थे।

संतोष गंगवार का राजनीतिक करियर
संतोष गंगवार उत्तर प्रदेश के बरेली से बीजेपी सांसद हैं। वर्तमान में संतोष गंगवार लोकसभा के सांसद एवं केंद्र सरकार में केंद्रीय श्रम मंत्री थे। इससे पूर्व में वह वित्त राज्य मंत्री, कपड़ा राज्य मंत्री रह चुके हैं। 13वीं लोकसभा में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी सरकार में वह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री के साथ-साथ संसदीय कार्य राज्य मंत्री का पदभार भी संभाल चुके हैं। वर्ष 1989 से संतोष गंगवार उत्तर प्रदेश के बरेली से चुनाव जीतते आ रहे हैं। हालांकि 15वीं (2009-2014) लोकसभा में उन्हें कांग्रेस के प्रवीण सिंह एरोन के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। 2019 में वह फिर बड़े अंतर से जीतकर लोकसभा पहुंचे।

Updated on:
07 Jul 2021 02:32 pm
Published on:
07 Jul 2021 02:23 pm
Also Read
View All