
UP BJP Social Media Convenors List:उत्तर प्रदेश में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन को डिजिटल मोर्चे पर और अधिक मजबूत करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को 21002074 ने उत्तर प्रदेश भाजपा की सोशल मीडिया और आईटी (IT) विभाग की नई टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी। पार्टी नेतृत्व ने संगठन के सभी 6 प्रमुख क्षेत्रों- पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर में क्षेत्रीय संयोजकों और सह-संयोजकों के नामों पर मुहर लगाकर साइबर ब्रिगेड की नई संरचना तैयार की है।
बीजेपी द्वारा जारी की गई नई सूची के अनुसार, पश्चिम क्षेत्र में सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी शिवांश श्रीवास्तव को सौंपी गई है, जबकि आईटी विभाग के संयोजक अम्बर स्वामी बनाए गए हैं। ब्रज क्षेत्र की बात करें तो जितेंद्र सविता को सोशल मीडिया और कृष्णवीर सिंह को आईटी विभाग का दायित्व मिला है। वहीं, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में हर्ष द्विवेदी को सोशल मीडिया विभाग और सुरेंद्र विश्वकर्मा को आईटी विभाग का क्षेत्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है।
राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों को कवर करने वाले अवध क्षेत्र में प्रशांत तिवारी को सोशल मीडिया और ज्योतिर्मय बरतारिया को आईटी विभाग की कमान दी गई है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी रीजन में अतुल पांडेय को सोशल मीडिया तथा विजय गुप्ता को आईटी विभाग का संयोजक बनाया गया है। इसी क्रम में गोरखपुर क्षेत्र में भी डिजिटल और तकनीकी गतिविधियों को संचालित करने के लिए नए प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया जनता तक सीधी पहुंच बनाने का सबसे प्रभावशाली माध्यम है। नई नियुक्तियों के माध्यम से पार्टी का लक्ष्य योगी और मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और हर स्मार्टफोन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नैरेटिव का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तत्काल और आक्रामक जवाब देने के लिए इस साइबर सेना को नए सिरे से तैनात किया गया है।