
Pankaj Chaudhary Statement on Voter List Campaign: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में सुधार (SSR) का काम तेजी से चल रहा है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश भर में 3 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि, पार्टी के कार्यकर्ता हर बूथ पर सक्रिय होकर मतदाता सूची को दुरुस्त कराने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची सुधार के कार्य में भाजपा पूरा सहयोग कर रही है।
पंकज चौधरी ने बताया कि प्रदेश में SSR का कार्य लगातार जारी है। इसके तहत एक सूची पहले ही जारी की जा चुकी है और 17 नवंबर को एक नई मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची में सुधार के लिए 17 नवंबर से 17 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत भाजपा ने भी 22, 23 और 24 नवंबर को तीन दिवसीय अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
इस तीन दिवसीय अभियान के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन तीन दिनों के दौरान यदि हमारे किसी भी समर्थक या सहयोगी का नाम मतदाता सूची में छूट गया है, तो पार्टी के सभी कार्यकर्ता फॉर्म 6 भरकर उनका नाम जुड़वाने का काम करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची में किसी भी घुसपैठिए का नाम अभी भी दर्ज है, तो कार्यकर्ता फॉर्म 7 भरकर उसका नाम सूची से हटवाएंगे।
केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि इस अभियान के तहत पूरे उत्तर प्रदेश में भाजपा के कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण का जो कार्य सौंपा है, उसमें पार्टी निश्चित रूप से आयोग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग कर रही है ताकि मतदाता सूची पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बन सके।
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में मतदाता सूची का गहराई से सत्यापन किया जाता है। इस प्रक्रिया के तहत मतदाताओं की जानकारी और पात्रता की जांच की जाती है। वहीं, SSR यानी स्पेशल समरी रिवीजन में पहले से मौजूद मतदाता सूची की समीक्षा कर उसमें जरूरी बदलाव किए जाते हैं। इसके तहत नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं और नाम, पता या अन्य जानकारियों में गलतियां सुधारी जाती हैं। चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए SSR कराने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य उन पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनका नाम अब तक किसी वजह से दर्ज नहीं हो पाया है।