मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी बजट 2018-19 में बंपर सरकारी नौकरियों का ऐलान किया है, साथ ही लाखों युवाओं से रोजगार का भी वादा किया है
लखनऊ. यूपी सरकार ने विधानसभा में करीब सवा चार लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के लिये बंपर सरकारी नौकरियों और लाखों युवाओं को रोजगार देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार ने उन तमाम जन उपयोगी योजनाओं को बजट दिया है, जिनके बारे में कभी किसी सरकार ने नहीं सोचा था। बजट के जरिये सरकार ने हर लुभाने की कोशिश की, खासकर युवाओं पर विशेष फोकस किया है। सरकार उत्तर प्रदेश के तीन लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 20 लाख युवाओं को रोजगार देने जा रही है।
सदन में बजट पेश करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार यूपी के प्राइमरी स्कूलों में 1 लाख 37 हजार शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है। साथ ही पुलिस विभाग में भी एक लाख 62 हजार युवाओं को नौकरी देने जा रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इतना ही नहीं जो युवक नौकरी नहीं करना चाहते हैं, ऐसे हजारों युवकों को सरकार स्टार्टअप के जरिये मौका देने जा रही है। सरकार 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' के तहत 20 लाख लोगों को रोजगार देगी। बजट में स्टार्टअप के लिये 250 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा है।
बजट में शिक्षा पर विषेश फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का ये बजट प्रदेश के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। सरकार के दूसरे बजट में शिक्षा के लिए काफी पैसा आवंटित किया गया है। इसमें बेसिक शिक्षा के साथ ही माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा के लिये काफी धन आवंटित किया गया है। यूपी सरकार ने अपने दूसरे बजट में माध्यमिक शिक्षा के लिए 480 करोड़ रुपए और सर्व शिक्षा अभियान के लिए 18,167 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
किसानों की मुश्किलें कम करने वाला है बजट : सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों और विकास को ध्यान में रखकर यह बजट तैयार किया गया है। किसानों की मुश्किलें कम हों, इसके लिए कई योजनाओं के लिए सरकार ने धन आवंटित किया है। साथ ही बजट में सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण के भी प्रावधान किए गए हैं।