
सांकेतिक इमेज- पत्रिका
NEET Student Body Found Hanging: लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र में एक छात्रा (17) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा NEET का पेपर दे चुकी थी और एग्जाम कैंसिल होने की वजह से डिप्रेशन में चल रही थी। छात्रा मूल रूप से बिहार की राजधानी पटना की निवासी थी।
एग्जाम कैंसिल होने से डिप्रेशन में चल रही छात्रा शिवानी यादव ने आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से पटना की निवासी थी। मौजूदा समय में छात्रा लखनऊ में बाजारखाला थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी ऐशबाग में अपने परिवार के साथ रह रही थी। शिवानी के पिता रंजीत यादव रेलवे में टीटी के पद पर तैनात हैं।
शिवानी ने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की थी और NEET एग्जाम में शामिल हुई थी। शिवानी के परिजनों के मुताबिक, उसका NEET का पेपर अच्छा गया था, लेकिन परीक्षा रद्द होने की खबर सुनकर वह गहरे डिप्रेशन में चली गई थी। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से छात्रा उदास रहती थी।
बुधवार को शिवानी के कमरे का दरवाजा बंद था। मां ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिवार के अन्य सदस्यों की मदद से दरवाजा खुला गया तो शिवानी का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकता हुआ मिला। परिजनों ने तुरंत उसे फंदे से उतारा और रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाजारखाला थाने के इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। इस घटना से पूरे परिवार पर गहरा सदमा है।
Updated on:
17 Jun 2026 08:44 pm
Published on:
17 Jun 2026 08:44 pm
