
लखनऊ मंडल कार्यालय में लगाई गई बेंडिंग मशीन (फोटो सोर्स- रेल विभाग)
रेल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने स्टेशनों पर ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनें लगानी शुरू कर दी हैं। ‘लखन खजाना’ नाम की इन मशीनों से यात्री चौबीसों घंटे स्नैक्स और पेय पदार्थ खरीद सकेंगे। यूपीआई आधारित कैशलेस भुगतान की सुविधा वाली ये मशीनें यात्रियों का समय बचाने के साथ स्टेशन पर सुविधाओं को भी बेहतर बनाएंगी।
लखनऊ रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को अब खाने-पीने की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दुकानों की तलाश नहीं करनी पड़ेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्टेशनों पर ‘लखन खजाना’ नाम से ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनें स्थापित करने की पहल शुरू की है। मंडल में कुल 25 ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनें लगाई जा रही हैं। इनमें से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में एक मशीन, लखनऊ जंक्शन पर चार मशीनें, ऐशबाग जंक्शन पर एक मशीन तथा डालीगंज जंक्शन पर एक मशीन वर्तमान में चालू हो चुकी हैं। आने वाले समय में अन्य स्टेशनों पर भी इन मशीनों को स्थापित किया जाएगा।
इन मशीनों के माध्यम से यात्री 24 घंटे स्नैक्स, बिस्कुट, नमकीन, पानी और अन्य पेय पदार्थ आसानी से खरीद सकेंगे। मशीनें पूरी तरह डिजिटल भुगतान प्रणाली पर आधारित हैं और इनमें यूपीआई के जरिए भुगतान किया जा सकेगा। इससे नकदी रखने की जरूरत कम होगी। खरीदारी की प्रक्रिया भी आसान बनेगी।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि ये मशीनें एटीएम की तरह काम करेंगी। यात्रियों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराएंगी। स्टेशनों के कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म और प्रवेश द्वार जैसे प्रमुख स्थानों पर इन्हें लगाया जा रहा है। ताकि यात्रियों को सामान लेने के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से स्टेशन परिसर में भीड़ कम होगी और लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा मिलेगा। यह पहल केंद्र सरकार के ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान और यात्रियों को सुगम यात्रा का अनुभव देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रेलवे को उम्मीद है कि यात्रियों को यह नई सुविधा काफी पसंद आएगी और उनकी यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक बनेगी। इस संबंध में जानकारी जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने दी। रेलेवे अधिकारियों ने बताया कि लखन खजाना नाम भी खास महत्व रखता है। यह नाम भगवान श्रीराम के अनुज लक्ष्मण के प्रति लखनऊवासियों के स्नेह और सम्मान को दर्शाता है।
Updated on:
17 Jun 2026 08:56 pm
Published on:
17 Jun 2026 08:56 pm
