
ट्रेन की सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI
Gonda Railway News: गोंडा जिले के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे ने दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को नए ठहराव की सौगात दी है। कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस अब करनैलगंज स्टेशन पर जबकि जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस जरवल रोड स्टेशन पर रुकेगी। इस सुविधा के शुभारंभ के लिए मंगलवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
Gonda Railway News: रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा देते हुए दो प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी प्रदान की है। इसके तहत ट्रेन संख्या 15707/15708 कटिहार-अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस का ठहराव करनैलगंज रेलवे स्टेशन पर तथा ट्रेन संख्या 14673/14674 जयनगर-अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस का ठहराव जरवल रोड स्टेशन पर सुनिश्चित किया गया है।
नई व्यवस्था लागू होने के अवसर पर मंगलवार, 16 जून 2026 को करनैलगंज रेलवे स्टेशन परिसर में एक विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से यात्रियों को उपलब्ध कराई गई नई सुविधा का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। समारोह में कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद करण भूषण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे कटिहार से अमृतसर जाने वाली ट्रेन संख्या 15707 को करनैलगंज स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित होने वाला यह आयोजन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों और नियमित यात्रियों का मानना है कि इन ट्रेनों के ठहराव से न केवल गोंडा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। बल्कि पंजाब, बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को भी बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा के लिए अब अन्य स्टेशनों पर निर्भरता कम होगी। समय की भी बचत होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के संपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रेलवे का प्रयास है कि क्षेत्रीय यात्रियों को अधिक से अधिक बेहतर और सुलभ रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
Published on:
16 Jun 2026 10:05 am
बड़ी खबरें
View Allगोंडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
