
बृजभूषण सिंह फोटो सोर्स @b_bhushansharan X Account
Brij Bhushan Singh: पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने यौन उत्पीड़न मामले में कोर्ट के फैसले के बाद कई बड़े दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि 12 जनवरी 2023 को उन्होंने जो बातें कही थीं। कोर्ट के जजमेंट से वही बातें साबित हुई हैं। बृजभूषण ने इस पूरे विवाद के पीछे एक परिवार और अखाड़े का नाम लेते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इस पूरे मामले में हरियाणा की महादेव रेसलिंग एकेडमी और उससे जुड़े लोगों का नाम सामने आता है। उनका दावा है कि इस मामले के पीछे एक परिवार और एक अखाड़े की भूमिका थी। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उनके दबाव में महिला पहलवानों को सामने लाया गया। बृजभूषण ने कहा कि मामले की सुनवाई के दौरान दो पीड़िताओं ने कोर्ट के चैंबर में जाकर अपनी बातें बताईं। उनके बयान रिकॉर्ड किए गए। उनका दावा है कि इन्हीं बयानों के आधार पर कोर्ट का फैसला आया।
पूर्व सांसद ने पहलवानों के बयानों और ओवरसाइट कमेटी के सामने दिए गए हलफनामे का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि हलफनामे और बाद में दिए गए बयानों में अंतर था। बृजभूषण ने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट किया था कि कथित घटनाओं के समय वह पहलवानों के साथ मौजूद नहीं थे। और बाद की कार्रवाई में सामने आए बयानों से उनकी बात प्रमाणित हुई।
बृजभूषण ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ पूरी साजिश में करीब 42 लोग शामिल थे। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ ऐसा माहौल बनाया गया। जैसे उनसे बड़ा कोई अपराधी देश में नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मीडिया डिबेट और विरोध प्रदर्शनों के जरिए उनकी छवि खराब की गई। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों के पीछे कई राजनीतिक कारण भी बताए। बृजभूषण के मुताबिक, उन्होंने कुश्ती महासंघ के चुनाव में दीपेंद्र हुड्डा को हराया था। इसके अलावा जूनियर पहलवानों से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव भी कुछ लोगों को पसंद नहीं आया।
आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बृजभूषण ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की उत्तर प्रदेश में अपनी कोई मजबूत स्थिति नहीं है और वह समाजवादी पार्टी के सहारे ही चुनाव लड़ सकती है। बृजभूषण ने दावा किया कि कांग्रेस की प्रदेश में स्वतंत्र राजनीतिक जमीन कमजोर है।
Updated on:
11 Aug 2026 09:15 am
Published on:
11 Aug 2026 09:15 am
