10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gonda Crime: जमीनी विवाद में तड़तड़ाई गोली, बजरंग दल नेता समेत 10 नामजद; चार लोग घायल कई अज्ञात शामिल, एक गिरफ्तार

Gonda Crime: गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के खरगूपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग हुई। घटना में चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बजरंग दल नेता समेत दोनों पक्षों के 10 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Google source verification
Gonda

थाना नवाबगंज फोटो सोर्स पत्रिका

Gonda News:गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद ने रविवार रात हिंसक रूप ले लिया। खरगूपुर गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद कथित तौर पर फायरिंग हुई। जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे। एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करने के आरोप लगाए। पुलिस ने बजरंग दल के अवध प्रांत के विभाग संयोजक शारदाकांत पांडेय समेत छह लोगों और दूसरे पक्ष के चार नामजद सहित 15-20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के खरगूपुर गांव का है। यहां जमीन को लेकर दिनेश कुमार पांडेय और शारदाकांत पांडेय के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि विवादित भूमि को लेकर एसडीएम तरबगंज न्यायालय में धारा 145 के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है। रविवार देर रात इसी जमीन को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दिनेश कुमार पांडेय का आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे दूसरे पक्ष के लोग विवादित जमीन पर निर्माण कर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर उनका बेटा जितेंद्र पांडेय, भांजा विकास पांडेय और अभय समेत परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद शारदाकांत पांडेय, नीरजकांत पांडेय, अमन, संतोष कुमार पांडेय, अमरकांत पांडेय और विवेक कुमार त्रिपाठी समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

चार लोग घायल, चल रहा इलाज

आरोप है कि इसके बाद असलहों से फायरिंग की गई। गोली लगने से जितेंद्र, विकास और अभय घायल हो गए। घटना में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। गंभीर हालत में अभय को जिला अस्पताल भेजा गया। जबकि जितेंद्र और विकास को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष के अमरकांत पांडेय ने घटनाक्रम को अलग तरीके से बताया। उनका आरोप है कि वह अपने चचेरे भाई नीरजकांत के साथ गौशाला में बैठे थे। इसी दौरान विनोद पांडेय, दिनेश पांडेय, गौरव और राजू समेत 15-20 लोग वहां पहुंचे। गाली-गलौज करते हुए दीवार गिराने लगे।
अमरकांत का आरोप है कि विरोध करने पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया गया। अवैध असलहे से फायरिंग की गई। मारपीट में वह घायल हो गए। उन्होंने बताया कि शोर मचाने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग की और वहां से फरार हो गए।

दोनों पक्षों पर दर्ज हुआ मुकदमा

थानाध्यक्ष अभय सिंह के मुताबिक जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग की घटना हुई है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जानलेवा हमला समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना में शामिल विवेक कुमार त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

गोंडा

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग